सीधी। सीधी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम स्थल के बाहर खड़े ट्रक में एक बोलेरो घुस गई। हादसे में मयापुर भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवकुमारी जायसवाल के परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां से रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे पर गुरुवार रात 7.30 बजे की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को सीधी जिले के बहरी तहसील में सोन नदी पर बने पुल का उद्घाटन करने वाले हैं। यह पुल सिंगरौली से बहरी होते हुए उत्तरप्रदेश को जोड़ता है। इस कार्यक्रम के लिए तैयारियां चल रही थी। ट्रक में टेंट का सामान रखा था।
इधर, सिंहावल विधायक विश्वामित्र पाठक ने सीएम डॉ. यादव से कार्यक्रम स्थगित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हमारे मंडल अध्यक्ष के परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है, इसलिए अन्य दिन कार्यक्रम करें।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख
हादसे पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया। उन्होंने अपना शुक्रवार को प्रस्तावित सीधी का दौरा रद्द कर दिया है। सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा- सीधी में हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। दुर्घटना में घायलों को उपचार और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए प्रशासन को निर्देशित किया गया है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
6 लोग थे वाहन में सवार
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बोलेरो वाहन जेठू गांव निवासी जगदीश जायसवाल के नाम से रजिस्टर्ड है। जगदीश जायसवाल ने बताया कि उनके बेटे प्रिंस जायसवाल कार लेकर घर से निकला था। शुरुआत में उनके साथ दो लोग सवार थे, लेकिन रास्ते में कुछ और लोग बैठ गए, जिससे वाहन में कुल 6 लोग हो गए। हादसे में धर्मेंद्र पिता चूड़ामणि जायसवाल (24) और गीता उर्फ आदित्य पिता रघुनाथ (55) की मौत हो गई। वहीं एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। डीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
तीन गंभीर रीवा के अस्पताल में भर्ती
रीवा में संजय गांधी अस्पताल के सीएमओ डॉक्टर वायएस बघेल ने बताया कि सीधी में सड़क दुर्घटना में घायल 3 मरीज संजय गांधी अस्पताल लाए गए हैं। जिनके नाम अजय जायसवाल(26),प्रिंस जायसवाल(30) और बालकृष्ण प्रजापति(30) हैं। तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक दौर के इलाज में कुछ स्थिरता आई है। अभी कुछ कह नहीं सकते। डॉक्टर पूरा प्रयास कर रहे हैं।
MP: सीधी में CM के कार्यक्रम स्थल पर खड़े ट्रक में घुसी बोलेरो, भाजपा नेता के परिवार के तीन लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने रद्द किया कार्यक्रम
