सीहोर। नर्मदा नदी से हो रहे रेत के अवैध उत्खनन पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सख्ती की। उन्होंने मोबाइल से कलेक्टर बालागुरु को अवैध खनन का वीडियो दिखाया। माइनिंग अफसर धर्मेंद्र चौहान ने सफाई दी, हम कार्रवाई करते हैं। शिवराज ने फटकारते हुए कहा, जाकर देखा.. कल रात का ही यह वीडियो है। रात में खुलेआम पोकलेन-जेसीबी मां नर्मदा को छलनी कर रही है।
शिवराज सीहोर में जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति की बैठक कर रहे थे। वे पैन ड्राइव साथ ले गए थे। कलेक्टर को पैन ड्राइव दिखाते हुए बोले-इसे यहीं चला दूं तो ठीक नहीं रहेगा। उन्होंने वन और कृषि विभाग के काम पर भी नाराजगी जताई।
इन 3 अफसरों पर भड़के शिवराज
अर्चना पटेल, डीएफओ: आपके लोग खुलेआम वसूली कर रहे हैं। वन विभाग के कारण कई काम प्रभावित हो रहे हैं। 20-20 साल पुराने पट्टों की जांच के नाम पर रेंजर वसूली कर रहे हैं। नगर परिषद की जेसीबी ही जब्त कर ली।
धर्मेन्द्र चौहान, माइनिंग अफसर: विधायक रमाकांत भार्गव बोले-नदी से रेत का अवैध खनन हो रहा है। जो पैसे देता है, उसकी जेसीबी चलती.. जो नहीं देता, उसकी मशीन पकड़ते हो। शिवराज ने कहा, ये सभी वीडियो एक रात के हैं। कार्रवाई नहीं हो रही।
केके उपाध्याय, उपनिदेशक, कृषि: बोवनी के समय किसानों को केंद्र अनुदान देता है। बुदनी के किसानों को आवेदन के बाद भी अनुदान नहीं मिला। पहली बार नहीं मिला तो किसानों ने आवेदन करना बंद कर दिया। जांच करा दूं तो तुम पर अभी एफआइआर हो जाएगी।
