MP : दिल्ली से भोपाल लौटे और सीधे राज्यपाल से मिलने पहुंचे मुख्यसचिव अनुराग जैन, क्या हैँ इसके मायने…?

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सोमवार दोपहर दिल्ली से वापस लौटते ही राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। इसके बाद से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

असल में सीएस का गवर्नर से मिलने का पूर्व निर्धारित कोई कार्यक्रम नहीं था। ऐसे में अचानक मुख्य सचिव कार्यालय से राजभवन फोन जाता है कि मुख्य सचिव दिल्ली से 4 बजे लौट रहे हैं, वे राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात करना चाहते हैं। फिर क्या, राज्यपाल से सहमति मिलने पर सीएस अनुराग जैन दिल्ली से लौटे और भोपाल एयरपोर्ट से सीधे राजभवन पहुंच गए। उन्होंने करीब 50 मिनट राज्यपाल से एकांत में बातचीत की।
मुख्य सचिव की इस मुलाकात को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि आखिर मुख्य सचिव दिल्ली से ऐसा कौन सा संदेश लेकर आए थे, जो वे एयरपोर्ट से सीधे राजभवन पहुंचे? दोनों के बीच आखिर क्या बात हुई, ये तो पता नहीं चला, लेकिन इस भेंटवार्ता के बाद सीएस प्रसन्न मुद्रा में राजभवन से निकले हैं।
31 अगस्त को रिटायर हो रहे हैं अनुराग जैन
मुख्य सचिव अनुराग जैन 31 अगस्त को रिटायर हो रहे हैं, लेकिन उनके एक्सटेंशन की खबरें लगातार चर्चा में हैं। सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव अपने मुख्य सचिव के काम से खुश नहीं हैं। यही वजह है कि मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरों को भी मुख्य सचिव का एक्सटेंशन रुकवाने को जोडक़र देखा जा रहा है।
सूत्र बताते हैं कि सीएस अनुराग जैन अपने एक्सटेंशन को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। यही वजह है कि वह सीनियर अफसरों की बैठक में सितंबर और अक्टूबर में होने वाली बैठकों और योजनाओं को लेकर मंथन भी कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो मुख्य सचिव ने अपने एक्सटेंशन को लेकर भी कवायद कर ली है। रविवार (16 अगस्त) को इसी के चलते वे दिल्ली गए थे। 
29 अगस्त को होगा खुलासा
मुख्य सचिव अनुराग जैन को एक्सटेंशन मिलेगा या नहीं और यदि एक्सटेंशन नहीं मिलता है तो नया मुख्य सचिव कौन होगा? इन बातों को लेकर अभी कुहासा छाया हुआ है। दिल्ली हाईकमान पिछले कुछ सालों से जिस तरह अपने निर्णयों से चौंका रहा है, उसके बाद कोई भी कुछ कहने और समझने की स्थिति में नहीं है। हर कोई अपने हिसाब से ज्ञान गणित लगाकर कयास लगा रहा है। बता दें कि इस महीने 29 अगस्त को आखिरी वर्किंग डे है। 30-31 को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण नए सीएस का फैसला 29 अगस्त को ही किया जाएगा।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles