MP : सीधी में पहाड़ी पर मिला रहस्यमयी जीवाश्म..? 12 मीटर लंबी हड्डियां, दांत, नहीं पहुंची पुरातत्व विभाग की टीम

सीधी। जिले के ग्राम कोरौली कला के अतरौला पहाड़ी पर संदिग्ध जीवाश्म (फॉसिल) मिला है। सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों के अनुसार, यहां 11 से 12 मीटर लंबी विशाल हड्डियां देखी गई हैं। इस खोज से इलाके में उत्सुकता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग और सिहावल एसडीएम को इसकी सूचना दी थी।

अतरौला निवासी नारायण केवट ने बताया कि जब उन्हें पहाड़ी पर विशाल हड्डियां दिखीं, तो उन्होंने सरपंच को सूचित किया। हालांकि, मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। इस दौरान कुछ बच्चों ने हड्डियों को इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे ऐतिहासिक साक्ष्यों को नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया। नारायण केवट ने स्वयं पहल करते हुए बिखरी हड्डियों को एकत्र कर एक स्थान पर सुरक्षित रखा।

ग्राम पंचायत से जुड़े राम सुमिरन पटेल ने बताया कि इस घटना को करीब पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी भी विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है। हड्डियां पहाड़ी क्षेत्र में चारों ओर बिखरी पड़ी हैं, जिससे इनके नष्ट होने की आशंका बढ़ रही है

सिहावल की एसडीएम और पुरातत्व विभाग की अधिकारी प्रिया पाठक ने बताया कि उन्हें इस संबंध में जानकारी मिली है। उन्होंने पुरातत्व विभाग से संपर्क करने का प्रयास किया है, लेकिन अभी तक कोई विशेषज्ञ टीम मौके पर नहीं पहुंची है। वन विभाग को भी स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सूचित किया गया है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles