जबलपुर. लोकायुक्त की टीम ने नगर निगम की स्थापना शाखा में पदस्थ बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार जबलपुर नगर निगम की स्थापना शाखा में पदस्थ बाबू राकेश शर्मा ने फरियादी पी. रामा राव से उसकी मेडिकल लीव स्वीकृत करने के एवज में 3000 रुपये रिश्वत की मांगी थी। फरियादी पी. रामा राव के मुताबिक वो नगर निगम में सफाई कर्मी है और दिनांक 19-01-2026 से 18-02-26 तक मेडिकल लीव पर था। जब वो मेडिकल लीव अप्रूव कराने के लिए बाबू राकेश शर्मा के पास पहुंचा तो उन्होंने रिश्वत की मांग की।
बाबू राकेश शर्मा के द्वारा रिश्वत मांगने पर फरियादी पी. रामा राव ने 27 फरवरी को जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। लोकायुक्त ने शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर शनिवार 28 फरवरी को रिश्वत के तीन हजार रुपये देने के लिए फरियादी को रिश्वतखोर बाबू के पास भेजा। रिश्वत की रकम देने के लिए बाबू राकेश शर्मा ने फरियादी पी. रामा राव को तीन पत्ती चौक पर पेट्रोल पंप के पास बुलाया था। यहां पर जैसे ही रिश्वतखोर बाबू राकेश शर्मा ने रिश्वत के पैसे लिए तो सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगेहाथों धरदबोचा। लोकायुक्त टीम के द्वारा रंगेहाथों पकड़ाने के बाद बाबू राकेश शर्मा का चेहरा लटक गया और वो कार्रवाई के दौरान मुंह लटकाए बैठा रहा
