MP : पत्रकार ने कहा सिंधिया आते हैं तभी दिखाई देते हैं, इस पर भड़क गये मंत्री तुलसी सिलावट…

ग्वालियर। जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेने मुरार स्थित सर्किट हाउस पहुंचे थे। बैठक से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान वे रिपोर्टर पर भड़क उठे। मंत्री ने पत्रकार से कहा कि आप मुझे निर्देश नहीं दोगे, भाषा का सही इस्तेमाल करो।
दरअसल, पत्रकार ने ग्वालियर की बदहाल सड़कों और अस्पताल व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए कहा था कि मंत्री सिर्फ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे के समय ही एक्टिव नजर आते हैं। इस सवाल को सुनते ही तुलसीराम सिलावट का लहजा बदल गया।
मंत्री तुलसीराम सिलावट गुस्से में बोले- आप मुझे निर्देश नहीं दोगे। ये पूछने का अधिकार किसी को नहीं देता हूं। मेरा लेखा जोखा पार्टी और सरकार के पास है। मेरा सालभर का चार्ट उठा लो। कब और कितनी बार प्रभारी मंत्री ग्वालियर आता है, फिर बात करना। यह सवाल पूछने का क्या औचित्य है।
ओलावृष्टि से किसानों के नुकसान की रिपोर्ट ली
मीटिंग में मंत्री ने हाल ही में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के नुकसान की भी रिपोर्ट ली। उन्होंने बताया कि ग्वालियर ग्रामीण क्षेत्र में लगभग 1,711 किसान प्रभावित हुए हैं। इनके लिए लगभग 2 करोड़ 63 हजार रुपये की राहत राशि तय की गई है, जो 20 फरवरी को वितरित की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र किसान मुआवजे से वंचित न रहे।
चेतकपुरी रोड पर बड़े-बड़े गड्ढे, निरीक्षण करने ग्वालियर पहुंचे थे मंत्री
बता दें कि करीब 8 महीने पहले 2025 में ग्वालियर के चेतकपुरी स्थित रोड पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे। इन गड्डों में बड़े-बड़े वाहन फंस गए थे। इन गड्डों में कई वाहन चालक गिरकर घायल भी हुए थे।इसको लेकर मीडिया में काफी चर्चा का विषय बना हुआ था।
इसके बाद मंत्री तुलसी सिलावट ने सड़कों का निरीक्षण करने ग्वालियर पहुंचे थे। इसके साथ उन्होंने अस्पताल में भी व्यवस्थाओं को लेकर निरीक्षण किया था। इस सड़क का उन्होंने मीडिया से छुपाकर निरीक्षण किया था।





