MP : अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की शुरुआत…गीता हर बच्चे के बस्ते में होनी चाहिए: मोहन यादव

उज्जैन। उज्जैन के दशहरा मैदान में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 1 से 3 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। सोमवार को सीएम मोहन यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजन में बड़ी संख्या में साधु-संत, स्कूली बच्चे और बटुक शामिल हुए। सुबह करीब 9 बजे सीएम मंच पर पहुंचे और संत रंगनाथाचार्य महाराज का स्वागत किया। इसके बाद पंडितों द्वारा गीता श्लोकों का पाठ हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने गीता और श्रीकृष्ण के आदर्शों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण और सुदामा ने एक साथ शिक्षा ग्रहण की थी, जहां अमीर-गरीब का कोई भेदभाव नहीं था। यह विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण संदेश है। सीएम ने कहा कि गीता एक पवित्र ग्रंथ है, जिसे पाठ्यक्रम में विशेष महत्व दिया गया है। गीता ऐसी पुस्तक है जो हर बच्चे के बस्ते में होनी चाहिए, क्योंकि वास्तविक और प्रैक्टिकल ज्ञान गीता से प्राप्त होता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महाभारत के युद्ध में द्वारकाधीश श्रीकृष्ण की सेना कौरवों के लिए लड़ी थी, लेकिन वे स्वयं पांडवों के साथ थे। उन्होंने कर्म और धर्म मार्ग के सिद्धांत को सर्वोपरि रखा। भगवान श्रीकृष्ण जनतंत्र और गणतंत्र के नायक हैं। बताया जाता है कि उन्होंने द्वारका में अपनी लीलाएं समाप्त होने के बाद अपने पुत्र को राज सिंहासन पर नहीं बैठाया, बल्कि एक शिष्य को गद्दी सौंप दी थी।
रवीन्द्र भवन में दिव्यांग कलाकारों द्वारा गीता ऑन व्हील्स का मंचन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में रविन्द्र भवन में श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सस्वर पाठ एवं प्रदर्शनी का लोकार्पण होगा। रवीन्द्र भवन के हंसध्वनि सभागार में मोहित शेवानी के निर्देशन में कृष्णायन की प्रस्तुति होगी। यह प्रस्तुति भगवान श्रीकृष्ण और मध्यप्रदेश की कहानी पर केंद्रित है। आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए इस प्रस्तुति को आकर्षक एवं रोचक बनाने का प्रयास किया गया है। इसके पूर्व बैंगलोर के डॉ. सलाउद्दीन पाशा के निर्देशन में गीता ऑन व्हील्स जिसमें दिव्यांग कलाकार गीता के प्रसंगों को मंचित करेंगे तथा विश्व गीता प्रतिष्ठानम् की ओर से श्रीमद्भगवद्गीता नृत्य नाटिका की प्रस्तुति होगी। प्रस्तुतियां शाम 6 बजे शुरू होंगी। शाम को इंदौर में गीता भवन का लोकार्पण किया जाएगा। शाम 7 बजे दशहरा मैदान में प्रसिद्ध कलाकार पुनीत इस्सर के निर्देशन में जय श्री कृष्ण-गीता सार नृत्य-नाट्य का मंचन होगा।





