MP ग्वालियर: डबरा नवग्रह पीठ महोत्सव में मची भगदड़, एक महिला की मौत और दो घायल

डबरा। ग्वालियर के डबरा में मंगलवार को नवग्रह पीठ की कलश यात्रा के दौरान मची भगदड़ ने एक महिला की जान ले ली. हादसे में दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं. यह कार्यक्रम पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा था, जिसमें भारी जनसैलाब उमड़ा था.

दरअसल, आज से शुरू होकर 20 फरवरी तक चलने वाले नवग्रह पीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत कलश यात्रा से हुई थी.यात्रा के दौरान भीड़ इतनी बढ़ गई कि अचानक अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे, जिससे महिलाएं भीड़ के नीचे दब गईं।

हनुमान कॉलोनी निवासी रति साहू की हादसे में दुखद मृत्यु हो गई. बुजुर्ग विमला और कला बाथम गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इतने बड़े धार्मिक आयोजन में प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की पोल खुल गई है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भीड़ के अनुपात में पुलिस बल और बैरिकेडिंग नाकाफी थी, जिसके कारण स्थिति अनियंत्रित हो गई।

उधर, BJP के सीनियर लीडर नरोत्तम मिश्रा ने फेसबुक पर फोटो शेयर कर लिखा, ”डबरा में आज नवग्रह शक्ति पीठ के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शंखनाद अत्यंत भव्यता के साथ हुआ.इस पावन अवसर पर आयोजित कलश यात्रा में हज़ारों की संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया. सिर पर मंगल कलश धारण किए श्रद्धालुओं के जनसैलाब ने डबरा की धरा को धर्ममय बना दिया.”

Exit mobile version