ग्वालियर। ग्वालियर हाईकोर्ट ने विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित कर दिया है। ग्वालियर बेंच के जस्टिस जीएस अहलूवालिया ने यह फैसला बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत की याचिका पर सुनाया है। अब रामनिवास रावत विजयपुर विधानसभा सीट के नए विधायक होंगे।
रामनिवास रावत ने अपनी याचिका में आरोप लगाया गया था कि मुकेश मल्होत्रा ने उपचुनाव के दौरान दाखिल नामांकन में अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की पूरी जानकारी नहीं दी थी।
याचिका में रावत ने मल्होत्रा के खिलाफ दर्ज सभी 6 आपराधिक मामलों की जानकारी दी थी। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि उपचुनाव में रामनिवास रावत दूसरे स्थान पर थे, इसलिए मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित करते हुए रावत को विजयपुर का विधायक घोषित किया जाता है।
जीतू पटवारी बोले- सुप्रीम कोर्ट जाएंगे हमें न्याय मिलेगा
चुनाव कैंसिल होने पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि एक साल पहले विजयपुर की जनता ने कांग्रेस को जनादेश दिया। मुकेश मल्होत्रा को भारी वोटों से जिताया। फैसले के खिलाफ हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।
पटवार ने कहा- हमें सर्वोच्च्य न्यायालय से न्याय मिलेगा। अगर चुनाव भी हुआ तो जितने वोटों से रामनिवास रावत को हराया था। उससे दोगुना वोटों से फिर हराएंगे। विजयपुर की जनता रावत को और बीजेपी को हराने के लिए फिर तैयार बैठी है।
