MP : सीएम यादव कल से मंत्रियों के परफार्मेंस की समीक्षा करेंगे, 2 और 3 को भोपाल, 8-9 को खजुराहो में होगी बैठक…

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने दो वर्ष के कार्यकाल के मूल्यांकन की तैयारी में जुट गए हैं। मंगलवार से मंत्रियों और विभागों की परफॉर्मेंस समीक्षा का हाई-लेवल दौर शुरू हो रहा है, जो एक सप्ताह तक चलेगा। सीएम प्रत्येक मंत्री से दो साल की उपलब्धियों, कमियों और चुनौतियों का रिपोर्ट कार्ड मांगेंगे।

सूत्रों के अनुसार इस व्यापक समीक्षा का सीधा असर 15 दिसंबर के बाद होने वाली वरिष्ठ अधिकारियों की पोस्टिंग और मंत्रियों के विभागों में संभावित बदलाव के रूप में दिख सकता है। वर्ष 2026 के लिए प्रशासनिक कसावट और नई रणनीतियों के तहत यह प्रक्रिया की जा रही है।

अफसरों से पूछेंगे समस्या के समाधान के तरीके
मुख्यमंत्री सभी विभागों से पिछले दो वर्षों में जनता के हित में लिए गए फैसलों का विवरण, उनके क्रियान्वयन की स्थिति और सामने आई समस्याओं की जानकारी लेंगे। साथ ही अफसरों से समाधान और सुधार के सुझाव भी जुटाए जाएंगे। अगले तीन वर्षों के लक्ष्य तय करने के लिए विभागीय अफसरों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रजेंटेशन देने के निर्देश दिए गए हैं।

2-3 और 8-9 को होंगी बैठकें
मंत्रियों, मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हाई-लेवल मीटिंग का सिलसिला मंगलवार और बुधवार को दिनभर चलेगा। इसके बाद 8 और 9 दिसंबर को खजुराहो में भी दो दिन तक विभागवार समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। सीएम कार्यालय का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया बेहतर शासन, पारदर्शिता और तेज निर्णय क्षमता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।

दो साल के काम बताएंगे अधिकारी

प्रत्येक मंत्री अपने दो साल के कामकाज का लेखा-जोखा देगा और विभागों की उपलब्धियां बताएगा। अगले तीन साल के लिए विभागों के क्या टारगेट और प्लानिंग है, यह भी बताएंगे। दो साल में जो कमियां सामने आई हैं उसे बताएंगे और निराकरण के उपाय भी बताएंगे। मंत्रियों की खुद के विभाग को आगे बढ़ाने और नंबर वन बनाने की क्या प्लानिंग है, यह भी बताएंगे। जो वर्किंग प्लान बताया जाएगा उसे धरातल पर उतारने के लिए क्या तैयारियां करनी होंगी, इस पर भी बैठक में डिस्कशन होगा।

ऐसे होगी विभागीय समीक्षा
विधानसभा भवन में 2 दिसंबर को पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग की बैठक विभागीय मंत्री प्रहलाद पटेल की मौजूदगी में दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। यह बैठक आधे घंटे चलेगी।
दोपहर 3 बजे से 3.30 बजे तक स्कूल शिक्षा विभाग की मीटिंग मंत्री उदय प्रताप सिंह की मौजूदगी में होगी।
सायं 4 से 4.30 बजे के बीच नर्मदा घाटी विकास विभाग और जल संसाधन विभाग के मंत्री तुलसी सिलावट के मौजूदगी में विभागीय बैठक सीएम लेंगे।
सायं 4.30 से 5 बजे के बीच ऊर्जा और नवीन व नवकरणीय ऊर्जा विभाग की मीटिंग सीएम विधानसभा परिसर में लेंगे।

3 दिसंबर को इन विभागों का रिव्यू

मंत्रालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री और डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल और विभागीय अफसर रिपोर्ट देंगे।
दोपहर 12 से एक बजे तक सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग और विभाग का रिव्यू होगा।
दोपहर 1 बजे से 1:45 बजे तक महिला और बाल विकास विभाग की मंत्री निर्मला भूरिया और विभाग के अफसर प्रजेंटेशन देंगे।
दोपहर 1:45 से 2.30 बजे तक ओबीसी और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की मंत्री कृष्णा गौर के विभाग का रिव्यू होगा।
दोपहर 3.30 बजे से सायं 4.15 बजे तक सामाजिक न्याय और नि:शक्तजन कल्याण विभाग के मंत्री नारायण कुशवाहा और वि‌भाग का रिव्यू होगा।
सायं 4.15 बजे से शाम 5 बजे तक कृषि एवं किसान कल्याण तथा उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण विभाग के मंत्री एंदल सिंह कंसाना और विभाग के कामकाज का रिव्यू किया जाएगा।

खजुराहो में इन विभागों और मंत्रियों का होगा रिव्यू

8 दिसंबर को खजुराहो में सबसे पहले खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत और उनके विभाग की समीक्षा होगी।
सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक वाणिज्यिक कर विभाग के मंत्री और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के कामकाज का रिव्यू किया जाएगा।
दोपहर 12 से 12:30 बजे तक पशुपालन और डेयरी विकास विभाग के मंत्री लखन पटेल और उनके विभाग का रिव्यू किया जाएगा।
दोपहर 12:45 बजे से 1:30 बजे तक नगरीय विकास और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और उनके विभाग का रिव्यू किया जाएगा।
सायं 4 से 4:45 बजे तक जनजातीय कार्य विभाग और अनुसूचित जाति विकास के मंत्री विजय शाह और नागर सिंह चौहान के कामकाज और विभागीय रिव्यू होगा।
सायं 4:45 बजे से 5:30 बजे तक एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप और उनके विभाग का रिव्यू किया जाएगा।
नौ दिसंबर को दोपहर 12 बजे से 12:45 बजे तक लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह और विभाग के परफार्मेंस का रिव्यू होगा।
दोपहर 12:45 बजे से 1:30 बजे तक पीएचई विभाग की मंत्री संपतिया उइके और उनके विभाग का रिव्यू होगा

Exit mobile version