MP : सीएम मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह एक साथ, रोड शो किया

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को सीहोर जिले के भैरूंदा पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना- IV और पीएम जनमन योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया गया।
सभी में पहुंचने से पहले भेरूंदा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री से मिलकर ज्ञापन सौंपना चाहते थे। जिनको ज्ञापन सौंपने से रोक दिया गया, तो वह अनशन पर बैठ गए।
सीएम बोले- विकास की गति नहीं रुकेगी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास का पहिया तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के चौथे चरण से प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण इलाके मुख्य सड़कों से जुड़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सड़कों से न केवल लोगों का आवागमन आसान होगा, बल्कि किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी। इससे परिवहन लागत कम होगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
हर घर तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य
संबोधन के दौरान डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं हर घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के बिना प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है।

सीहोर दौरे को लेकर भी रही खास चर्चा
मुख्यमंत्री का यह दौरा सीहोर क्षेत्र के लिए इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि यह पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का गृह क्षेत्र है। यहां से विकास कार्यों की नई सौगात देकर डॉ. मोहन यादव ने यह संदेश देने की कोशिश की कि प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।
इन राज्यों से प्रतिनिधि पहुंचे
भैरूंदा में आयोजित इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, ओडिशा, गुजरात, हरियाणा, बिहार, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, जम्मू कश्मीर, मेघालय, राजस्थान, अंडमान निकोबार, लद्दाख, पुदुचेरी, सिक्किम और त्रिपुरा सहित कई राज्यों के प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।





