MP : सीएम ने असम से लाए गए 4 भैंसें कान्हा में छोड़ीं, कहा-गैंडे भी लाने की तैयारी

बालाघाट। कान्हा क्षेत्र स्थित सुपखार रेंज में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को चार जंगली भैंसों को बाड़े में छोड़ा। यह कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री मोहन यादव 9:15 बजे सुपखार पहुंचे थे।

दरअसल, मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से गढ़ी के टोपला पहुंचे थे। वहां से उनका काफिला सड़क मार्ग से बेड़ा स्थल पहुंचा, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से इस पुनर्स्थापन योजना का शुभारंभ किया।

असम के काजीरंगा से लाई गईं थीं 4 भैसें
ये जंगली भैंसे असम के काजीरंगा से लगभग 2 हजार किलोमीटर का सफर तय करके कान्हा के सुपखार रेंज लाए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि मध्य प्रदेश को बाघ राज्य के बाद ‘व्हाइट बफेलो स्टेट’ के रूप में भी पहचान मिले। भविष्य में कान्हा में गैंडे भी लाए जाने की योजना है। जैव विविधता से समृद्ध कान्हा में इन भैंसों के आगमन का वन्यजीव प्रेमियों ने स्वागत किया है।

जानकारी के अनुसार, 1960 और 1970 के दशक में जिले में जंगली भैंसे पाए जाते थे, लेकिन समय के साथ वे विलुप्त हो गए। सरकार की यह पुनर्स्थापन मुहिम जिले के पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। यह कार्य वन विभाग की ‘कान्हा टाइगर रिजर्व में जंगली भैंसा पुनर्स्थापन योजना’ के तहत किया गया है।

Exit mobile version