भोपाल। गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में एक केमिकल फैक्ट्री में शनिवार दोपहर करीब 1 बजे आग लग गई। आग इतनी भीषण है कि लपटें 40 फीट तक ऊंची उठ रही हैं। 10 किलोमीटर दूर से धुआं दिख रहा है।
फायर ब्रिगेड की करीब 12 गाड़ियां और 40 टैंकर आग बुझाने में जुटे हैं। CISF (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) भी मौजूद है। फिलहाल लाखों रुपए का नुकसान होने की बात सामने आई है।
जेके रोड स्थित टाटा और महिंद्रा शोरूम के पीछे केमिकल फैक्ट्री है। यहां 40 हजार लीटर केमिकल रखा था। यहां थिनर बनाया जाता था। सूचना मिलते ही गोविंदपुरा, पुल बोगदा, फतेहगढ़ से फायर फाइटर्स मौके पर पहुंचे। आग पर अब तक काबू नहीं पाया जा सका है।
अशोका गार्डन थाना के टीआई हेमंत श्रीवास्तव ने बताया कि आनंद ऑर्गनाइज नाम की कंपनी है। यहां केमिकल बनता था। एक-दूसरे से जुड़ी तीन बिल्डिंगें हैं।
तीनों में आग लगी है। पास में स्टील की एक और फैक्ट्री है। वहां के शेड में भी आग लगी है। तीन तरफ से आग बुझाई जा रही है।