भोपाल। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल-गैस बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच मध्य प्रदेश में CNG फिर महंगी हो गई है। भोपाल में थिंक गैस ने CNG के दाम 1 रुपए प्रति किलो बढ़ाकर 94.75 रुपए प्रति किलो कर दिए हैं। यह 10 दिनों में दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 16 मई को करीब 3 रुपए प्रति किलो कीमत बढ़ाई गई थी। पिछले दो महीनों में कुल तीन बार बढ़ोतरी के बाद CNG करीब 6 रुपए प्रति किलो महंगी हो चुकी है।
मध्य प्रदेश में फिलहाल तीन प्रमुख कंपनियां CNG सप्लाई कर रही हैं— Think Gas, GAIL और Avantika Gas।
भोपाल, सीहोर, राजगढ़, शिवपुरी और विदिशा क्षेत्र में थिंक गैस की सप्लाई है।
इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग में अवंतिका गैस नेटवर्क संचालित करती है।
जबकि कई अन्य जिलों में गेल की आपूर्ति जारी है।
राजधानी Bhopal में 152 पेट्रोल पंपों में से 12 पर CNG उपलब्ध है। इसके अलावा मैनिट, नीलबड़, होशंगाबाद रोड और बैरागढ़ रोड सहित करीब 25 थिंक गैस स्टेशन पर नए रेट लागू कर दिए गए हैं।
हालांकि कीमतें बढ़ रही हैं, फिर भी CNG वाहनों की मांग तेजी से बढ़ी है। पिछले तीन वर्षों में भोपाल में CNG गाड़ियों की बिक्री करीब 50% तक बढ़ी है। ऑटोमोबाइल शोरूम के अनुसार रोजाना 10 से 15 CNG वाहन बिक रहे हैं। इसकी बड़ी वजह पेट्रोल-डीजल की तुलना में बेहतर माइलेज और अपेक्षाकृत कम ईंधन लागत मानी जा रही है।
