Modi जर्मन चांसलर से मिले, साथ मिलकर पतंग उड़ाई, पीएम ने कहा- भारत-जर्मनी करीबी सहयोगी, भारत में 2000 से ज्यादा जर्मन कंपनियां

अहमदाबाद. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच सोमवार को गांधीनगर के महात्मा मंदिर कनवेंशन सेंटर में द्विपक्षीय वार्ता हुई। वार्ता के बाद पीएम ने कहा- भारत-जर्मनी करीबी सहयोगी हैं। इसीलिए आज भारत में 2000 से ज्यादा जर्मन कंपनियां हैं। यह जर्मनी के भारत के प्रति अटूट विश्वास को दर्शाता है।
भारत और जर्मन नई परियोजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। भारत और जर्मनी हरेक फील्ड में मिलकर काम कर रहे हैं। आज हुए एमओयू से और मजबूती बढ़ेगी। भारत और जर्मनी हरेक फील्ड में मिलकर काम कर रहे हैं। आज हुए एमओयू से और मजबूती बढ़ेगी।
दोनों नेता सुबह साबरमती आश्रम पहुंचे
दोनों नेताओं ने सोमवार सुबह सबसे पहले अहमदाबाद में साबरमती आश्रम पहुंचकर महात्मा गांधी को नमन किया था। आश्रम के बाद मोदी-मर्ज साबरमती रिवरफ्रंट पहुंचे थे। यहां पर इंटरनेशनल काइट फेस्टिवल में शामिल होकर साथ में पतंग उड़ाई।वहीं, पीएम मोदी के तीन दिन के गुजरात दौरे का आज आखिरी दिन है।
मर्ज ने लिखा- गांधी के आदर्शों की आज ज्यादा जरूरत
आश्रम का दौरा करने के बाद फ्रेडरिक मर्ज ने गेस्ट बुक ने लिखा- महात्मा गांधी की अहिंसा की अवधारणा, स्वतंत्रता की शक्ति में उनका विश्वास और हरेक व्यक्ति की गरिमा में उनकी आस्था आज भी लोगों को प्रेरित करती है। गांधी के आदर्शों की आज पहले से कहीं ज्यादा आवश्यकता है।

जर्मनी के चांसलर मर्ज ने पीएम मोदी का किया धन्यवाद
संयुक्त प्रेस वार्ता में जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कहा कि जर्मनी भारत के साथ संबंधों को और ऊंचे स्तर पर ले जाना चाहता है। उन्होंने गुजरात आने के निमंत्रण के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह न सिर्फ दोनों देशों के गहरे रिश्तों का प्रतीक है, बल्कि उनके प्रति दिखाई गई दोस्ती और सम्मान को भी दर्शाता है। भारत-जर्मनी आर्थिक संबंधों की पूरी क्षमता को हासिल करने के लिए भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर बातचीत को पूरा करना बेहद जरूरी है।
बदलती वैश्विक व्यवस्था में स्वतंत्र और सुरक्षित दुनिया चाहते हैं- चांसलर मर्ज
जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कहा कि जर्मनी ऐसी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का समर्थन करता है, जिसमें सभी देश स्वतंत्र और सुरक्षित तरीके से रह सकें। चांसलर मर्ज ने कहा कि दुनिया की व्यवस्था तेजी से बदल रही है, जहां बड़ी ताकतों की राजनीति और प्रभाव क्षेत्रों का दौर चल रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के खिलाफ रूस की आक्रामक कार्रवाई इस बदलाव का सबसे गंभीर उदाहरण है। उन्होंने यह भी कहा कि हर मुद्दे पर सभी की राय एक जैसी नहीं होती, चाहे वह भारत-जर्मनी हों या यूरोप के अन्य साझेदार। लेकिन इसके बावजूद, दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर मजबूत सहमति और सहयोग मौजूद है। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कहा कि भारत जर्मनी के लिए एक भरोसेमंद और पसंदीदा साझेदार है।
भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-फ्री ट्रांजिट की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज का आभार जताते हुए कहा कि भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-फ्री ट्रांजिट की घोषणा दोनों देशों के लोगों के बीच रिश्तों को और मजबूत करेगी। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी है कि जर्मन मैरीटाइम म्यूजियम, गुजरात के लोथल में बन रहे नेशनल मैरीटाइम हेरिटेज कॉम्प्लेक्स के साथ सहयोग कर रहा है। उन्होंने इसे दोनों देशों के समुद्री इतिहास को जोड़ने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।





