Maharashtra : अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा महाराष्ट्र की डिप्टी CM बनेंगी, कल शाम 5 बजे शपथ संभव

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में अजित पवार के निधन के बाद बड़ा बदलाव सामने आता दिख रहा है। उनकी पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार के उप मुख्यमंत्री बनने की संभावना है। सत्तारूढ़ महायुति में शामिल एनसीपी के भीतर नेतृत्व को लेकर मंथन अंतिम चरण में बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है और शनिवार को होने वाली एनसीपी विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि वह कल ही डिप्टी सीएम पद की शपथ भी ले सकती हैं।
एनसीपी का फैसला मंजूर- सीएम फडणवीस
इस मामले पर मुख्यमंत्री फडणवीस का भी बयान सामने आया है। उन्होंने साफ किया है कि इस पर अंतिम फैसला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ही लेगी। उन्होंने कहा कि एनसीपी जो भी निर्णय करेगी, महायुति उसे स्वीकार करेगी। फडणवीस ने यह भी कहा कि सरकार इस संवेदनशील समय में दिवंगत अजित पवार के परिवार और एनसीपी के साथ मजबूती से खड़ी है।

कल होगी विधायक दल की बैठक
मंत्री छगन भुजबल ने शुक्रवार को बताया कि 31 जनवरी को एनसीपी विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में दिवंगत डिप्टी सीएम अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुने जाने की संभावना है। भुजबल ने कहा कि पार्टी के कई नेता चाहते हैं कि सुनेत्रा पवार डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी संभालें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संकेत दिया है कि अगर विधायक दल ऐसा फैसला करता है तो शनिवार को ही शपथ ग्रहण से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।

शोक अवधि पर क्या बोले मंत्री छगन भुजबल?
छगन भुजबल के अनुसार, शोक अवधि और अन्य औपचारिकताओं को लेकर पार्टी नेतृत्व संवेदनशील रुख अपना रहा है। उन्होंने बताया कि प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे शोक की अवधि, परंपराओं और कार्यक्रमों की समय-सारिणी पर नजर रखे हुए हैं। भुजबल ने कहा कि किसी के निधन के बाद शोक की अवधि अलग-अलग परंपराओं के अनुसार होती है कभी तीन दिन तो कभी दस दिन। अंतिम निर्णय विधायक दल की बैठक में ही लिया जाएगा।

क्या बोले-  पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख?
एनसीपी-एसपी नेता और पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि अगर सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाया जाता है तो यह खुशी की बात होगी। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार तीन-चार दिन में बैठकर अंतिम निर्णय करेगा। देशमुख के मुताबिक, इस संवेदनशील समय में परिवार की सहमति सर्वोपरि है और सभी पक्षों की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए.

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles