भोपाल। लोकायुक्त पुलिस भोपाल ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उदयपुरा (रायसेन) नगर परिषद के सब इंजीनियर और बाबू को ₹200000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
ट्रैप की जानकारी देते हुए लोकायुक्त पुलिस भोपाल के पुलिस अधीक्षक दुर्गेश राठौर ने बताया कि आवेदक श्री जयंत चतुर्वेदी ‘नवीन बिल्डकॉम’ फर्म के संचालक हैं। फर्म द्वारा नगर परिषद उदयपुरा के अंतर्गत बस स्टैंड का सी.सी. निर्माण कार्य एवं मेन रोड पर सी.सी. रोड निर्माण कार्य किया गया था। उक्त कार्य के लिए फर्म की दो सिक्योरिटी डिपॉजिट (SD) नगर परिषद उदयपुरा में जमा थी।
इन दोनों SD को रिलीज करने तथा अनुभव प्रमाण-पत्र जारी करने के एवज में नगर परिषद उदयपुरा में पदस्थ उपयंत्री दीपांशु पटेरिया एवं सहायक ग्रेड-2 शंकर साहू द्वारा आवेदक से ₹5,00,000/- रिश्वत की मांग की जा रही थी।
लोकायुक्त भोपाल से की गई। शिकायत सत्यापन पश्चात गठित टीम द्वारा दिनांक 28.04.2026 को आरोपी उपयंत्री दीपांशु पटेरिया को आवेदक से ₹ 2,00,000/- की रिश्वत लेते हुए 6 नंबर हॉकर्स कॉर्नर, भोपाल के सामने रंगे हाथ पकड़ा गया।
आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा-7, 12 एवं भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा-61 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
