MP : बीजेपी विधायक प्रीतम के विडिओ के विरोध में उतरा आईपीएस असोसिएशन…

भोपाल। पिछोर विधायक  प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ (भापुसे) के संबंध में मीडिया में वायरल वीडियो को लेकर आईपीएस एसोसिएशन ने विरोध व्यक्त किया है। आज मप्र आईपीएस एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा- उक्त विडिओ में जिस प्रकार की अभद्र, अमर्यादित एवं धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया गया है, वह अत्यंत निंदनीय एवं सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत है।

वीडियो में डॉ. आयुष जाखड़ नव नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं उनके परिवार के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणियाँ तथा दी गई धमकियाँ पूर्णतः अमर्यादित एवं अशोभनीय हैं। यह आचरण एक जनप्रतिनिधि के पद की मर्यादा के विपरीत है तथा इससे प्रशासनिक तंत्र एवं समस्त अधिकारियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने आचरण एवं भाषा को संयमित और मर्यादित रखें। इस प्रकार की अमर्यादित भाषा एवं धमकीपूर्ण व्यवहार किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है और यह प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता को आहत करता है। मध्यप्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करता है एवं उचित कार्यवाही की मांग करता है।
आज बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण संयोग है कि आज सिविल सर्विस दिवस के दिन ही एक सिविल सेवा के अधिकारी के साथ किया गया इस तरह के व्यवहार के संबंध में यह नोट जारी करना पड़ रहा है।

Exit mobile version