IB: खुफिया ब्यूरो प्रमुख तपन कुमार डेका को एक वर्ष का सेवा विस्तार मिला

नई दिल्ली। आतंकवाद विरोधी विशेषज्ञ तपन कुमार डेका को खुफिया ब्यूरो (आईबी) के प्रमुख के रूप में एक और साल का विस्तार दिया गया है। अब वह जून 2026 तक इस पद पर बने रहेंगे। यह उनका दूसरा विस्तार है। इससे पहले जून 2024 में डेका को एक साल के लिए सेवा विस्तार दिया गया था। वे 2022 से खुफिया ब्यूरो (आईबी) के प्रमुख हैं।

यह फैसला 7 मई को भारत द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई और पिछले महीने हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद बदले सुरक्षा हालात के मद्देनजर लिया गया है। कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने डेका को 30 जून 2025 के बाद एक और वर्ष के लिए आईबी निदेशक पद पर बनाए रखने की मंजूरी दी है।

यह विस्तार सेवा नियमों के तहत निर्धारित सेवानिवृत्ति आयु (60 वर्ष) से परे “सार्वजनिक हित” में प्रदान किया गया है। आदेश में कहा गया है कि यह विस्तार “एफआर 56 (डी)” और “अखिल भारतीय सेवाएं (मृत्यु सह-सेवानिवृत्ति लाभ) नियम, 1958” के नियम 16 (1ए) में छूट देकर दिया गया है।

सरकार के संकटमोचक माने जाते हैं डेका
62 वर्षीय डेका हिमाचल प्रदेश कैडर के 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। उन्हें जून 2022 में पहली बार दो वर्षों के लिए आईबी प्रमुख नियुक्त किया गया था। इसके बाद जून 2023 में उनका कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाया गया था।

Exit mobile version