Happy New Year : दुनियाभर में जोरदार आतिशबाजी के साथ 2026 का स्वागत…
नए वर्ष में मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नई दिल्ली। भारत में नए साल 2026 का आगाज हो चुका है। दुनियाभर में भी नए साल का उत्सव जारी है। लोग अलग-अलग तरीकों से नए साल के जश्न का आनंद ले रहे हैं। शहरों में रंग-बिरंगी रोशनी, आतिशबाजी और संगीत के साथ लोग नए साल का जश्न माना रहे हैं।
भारत समेत दुनियाभर में साल 2026 का आगाज हो चुका है। दिल्ली में इंडिया गेट पर लोगों ने काउंटडाउन के साथ नए साल का स्वागत किया, जबकि जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के बीच जश्न मनाया गया। सबसे पहले न्यूजीलैंड ने 2026 में एंट्री की, जहां ऑकलैंड के स्काई टावर पर भव्य आतिशबाजी हुई। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर जश्न मनाने 10 लाख लोग पहुंचे। जापान, चीन, सिंगापुर, यूएई, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों में आतिशबाजी की गई। अलग-अलग टाइम जोन के कारण भारत से पहले 29 देशों में 2026 का स्वागत हुआ।
नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम में नए साल के जश्न के दौरान ऐतिहासिक वोंडेल चर्च में आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया।
कश्मीर घाटी के ऊंचे इलाके, जिनमें लोकप्रिय पर्यटन स्थल सोनमर्ग भी शामिल है, बर्फ की मोटी चादर से ढके हुए नजर आए। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भारी हिमपात और दुर्गम भूभाग के बावजूद भारतीय सेना की रोमियो फोर्स ने 13,000 फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित पीर पंजाल पर्वतमाला में तलाशी अभियान तेज कर दिया।
दो लाख लोगों ने रामलला के दर्शन किए
नए साल पर देशभर के धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर लोगों की भीड़ पहुंची है। उज्जैन के महाकाल मंदिर में काफी भीड़ है। उपकप्तान स्मृति मंधाना समेत महिला क्रिकेट टीम की कुछ सदस्य भी यहां दर्शन करने पहुंची हैं। देशभर से साल 2026 के पहले सूर्योदय की तस्वीरें भी सामने आई हैं। मथुरा में बांके-बिहार मंदिर में दर्शन करने वालों की भीड़ लगी हुई है। 12 बजे तक 1.5 लाख से ज्यादा लोगों ने मंदिर में दर्शन किए। मंदिर प्रशासन ने लोगों से 5 जनवरी तक दर्शन के लिए न आने की अपील की है। अयोध्या में दोपहर 12 बजे तक 2 लाख से ज्यादा लोगों ने रामलला के दर्शन किए हैं। यहां भी बहुत भीड़ है। इधर, जम्मू-कश्मीर के कटरा में वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन करने वालों की बहुत भीड़ है। अव्यवस्था से बचने के लिए वैष्णो देवी मंदिर श्राइन बोर्ड ने रजिस्ट्रेशन रोक दिए हैं।
मोदी-राहुल ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम ने एक्स पोस्ट में लिखा-2026 की आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। कामना करते हैं कि यह वर्ष हर किसी के लिए नई आशाएं, नए संकल्प और एक नया आत्मविश्वास लेकर आए। सभी को जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा दे। ज्ञानं विरक्तिरैश्वर्यं शौर्यं तेजो बलं स्मृति:। स्वातन्त्र्यं कौशलं कान्तिर्धैर्यं मार्दवमेव च ॥
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा, आप सभी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। नया साल आपके जीवन में ढेर सारी खुशियां, अच्छा स्वास्थ्य और सफलताएं लेकर आए।
भोजपुर मंदिर में 12 बजे तक 5 हजार श्रद्धालु पहुंचे
रायसेन के भोजपुर शिव मंदिर में 12 बजे तक 5000 से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की लाइन लगी है। औबेदुल्लागंज एसडीओपी शीला सुराणा के साथ 200 पुलिसकर्मी व्यवस्था संभाल रहे हैं। इसमें ट्रैफिक और जिला पुलिस लाइन से भी जवान मौजूद हैं।
मैहर में लाखों श्रद्धालु, पुलिस ने संभाला मोर्चा
मैहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। व्यवस्था संभालने के लिए शहर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। भोपाल से पहुंचे एक श्रद्धालु ने बताया कि हम अपनी मनोकामना लेकर माता के दरबार में आए हैं।
महाकाल में उमड़े श्रद्धालु, विश्वकप विजेता महिला क्रिकेट टीम ने किए दर्शन
महिला विश्व कप जीतने वाली क्रिकेट टीम की सदस्य नए साल पर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन पहुंची। मंदिर समिति ने उनका सम्मान किया। नए साल पर उज्जैन के महाकाल मंदिर में तडक़े 4 बजे से भक्तों की भारी भीड़ लगी है। ये संख्या बढ़ती ही जा रही है। 9 बजे तक करीब 80 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। शहर के सभी होटल फुल हो चुके हैं। भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग का आकर्षक फूलों से श्रृंगार किया गया है। गर्भगृह से लेकर मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया है। सुबह 5 बजे की मंगला आरती के बाद दर्शन शुरू हो गए हैं। हजारों भक्त दर्शन के लिए कतार में खड़े हैं। इंदौर के खजराना और बड़ा गणपति मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ है। भोपाल के लक्ष्मीनारायण और गुफा मंदिर, भोजपुर शिव मंदिर, सीहोर के चिंतामन गणेश समेत ओरछा, मैहर में भी लोग दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। नलखेड़ा के मां बगलामुखी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं।






