इंदौर । महू के मानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार तड़के अवलीपुरा स्थित एक फार्म हाउस पर दबिश देकर बड़े जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया। जिस फार्म हाउस पर जुआ चल रहा था, वह IAS वंदना वैद्य और उनके पति अम्बरीश वैद्य के नाम पर है। वंदना वैद्य वर्तमान में वित्त विकास निगम इंदौर की प्रबंध संचालक (MD) हैं।
जानकारी की अनुसार अभी फार्म हाउस की देखभाल गांव का ही एक व्यक्ति कर रहा था। पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि पांच आरोपी भागने में सफल हो गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13 लाख 67 हजार 971 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, 30 मोबाइल फोन, 10 नई ताश की गड्डियां और दो कारें जब्त की हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 28 लाख 67 हजार 971 रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अवलीपुरा स्थित कोठी निवास फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई की।
जब पुलिस टीम फार्म हाउस पहुंची तो मुख्य गेट बाहर से बंद था, लेकिन अंदर से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके बाद पुलिस ने फार्म हाउस के पीछे की ओर से अंदर प्रवेश किया। वहां बरामदे में रोशनी के बीच कुछ लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलते हुए मिले।
18 पकड़ाए, कुछ अंधेरे का फायदा उठाकर भागे
पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर मौके से 18 आरोपियों को पकड़ लिया। हालांकि कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भागने में सफल हो गए। पकड़े गए आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकदी और अन्य सामान भी बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान 5 आरोपी भागने में कामयाब रहे। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
मामले में मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर का कहना है मुखबिर की सूचना पर अवलीपुरा स्थित फार्म हाउस पर दबिश दी गई थी। मौके से 18 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया है। कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों से नकदी, मोबाइल और वाहन जब्त किए गए हैं।
MP : महिला IAS के फार्म हाउस में चल रहा था जुआ, 18 जुआरी गिरफ्तार, 13 लाख रुपए से ज्यादा कैश जब्त
