EOW Raid : हाईस्कूल प्रिंसिपल के पास 10 फोर-व्हीलर, 4सीधी में साढे़ तीन करोड़ के मकान, 12 लाख के जेवर मिले

सीधी। जिले के खुखरा हाई स्कूल का प्रिंसिपल अभिमन्यु सिंह फॉर्च्यूनर, इको स्पोर्ट्स, बोलेरो, इंडिका, जेसीबी, ट्रैक्टर, हार्वेस्टर समेत 10 फोर-व्हीलर और 4 टू-व्हीलर गाड़ियों का मालिक निकला। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की छापामार कार्रवाई में सीधी शहर में बने 7500 वर्गफीट वाले मकान का पता चला है, जिसकी अनुमानित कीमत डेढ़ करोड़ रुपए है।इसके अलावा तीन अन्य मकान हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपए है। करीब सात लाख रुपए के सोने और पांच लाख रुपए के चांदी के आभूषण मिले हैं।

प्रिंसिपल अभिमन्यु सिंह के घर पर शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे 50 सदस्यीय टीम ने छापा मारा। अफसरों ने एक साथ अमहा स्थित ऊंची हवेली, मड़वास गांव में बने पुश्तैनी घर और कुसमी स्थित संपत्तियों की जांच शुरू की। उनका बैंक लॉकर भी खंगाला जा रहा है। EOW ने अभिमन्यु सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया है।

दो महीने पहले दर्ज हुई थी शिकायत
EOW की टीम ने खटखटाया तो प्राचार्य अभिमन्यु सिंह ने घर का दरवाजा खोला। इसके बाद 13 लोगों की टीम अंदर दाखिल हो गई। इसी दौरान दो अन्य ठिकानों पर भी अलग-अलग टीमें पहुंचीं।

टीम के कार्यवाहक निरीक्षक हरीश त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्रवाई दो महीने पहले रीवा ईओडब्ल्यू कार्यालय में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह रेड मारी गई है। अभिमन्यु सिंह ने साल 1998 में सरकारी नौकरी शुरू की थी।

कई दस्तावेज बरामद, पुलिसकर्मी संभाल रहे सुरक्षा
त्रिपाठी ने बताया कि अभी तक कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए जा चुके हैं। जांच की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। कार्रवाई पूरी होने तक टीमें सभी ठिकानों पर तैनात रहेंगी।
इस पूरी कार्रवाई में सीधी पुलिस लाइन के पुलिसकर्मी सहयोग कर रहे हैं। ईओडब्ल्यू टीम ने स्थानीय पुलिस अधीक्षक से आवश्यक सहायता मांगी थी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहा है।

Exit mobile version