MP में सिलेंडर बुकिंग ठप…एजेंसियों के बाहर कतारें, 50 हजार होटल-रेस्टॉरेंट में गैस की किल्लत

भोपाल। मध्य प्रदेश में LPG सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग बंद सी है। सर्वर डाउन है, इसलिए लोग बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं। वेटिंग 7 से 8 दिन तक पहुंच गई है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेशभर में गैस एजेंसियों और गोदामों के बाद सुबह से लोगों की भीड़ लगी हुई है। कुछ शहरों से सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोप भी लगे हैं।
इधर, मार्केट में इंडक्शन और डीजल भट्ठी की कीमतें बढ़ी हैं। भोपाल में इंडक्शन की बिक्री 7 गुना तक बढ़ गई है। वहीं, प्रदेश में 50 हजार होटल-रेस्टॉरेंट में गैस खत्म होने के कगार पर है। सतना के 86 लोगों ने सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर की है। उज्जैन में एक प्राइवेट अस्पताल की कैंटीन में डीजल भट्टी से खाना बनाया जा रहा है।
भोपाल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली के मुताबिक, भोपाल के करीब 2 हजार होटल-रेस्टॉरेंट को 4 दिन में एक भी सिलेंडर नहीं मिला। कई होटल्स ऐसे हैं, जहां पर 24 से 48 घंटे तक भी बमुश्किल निकल पाएंगे।
एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि होटल, रेस्टॉरेंट, कॉलेज की कैंटीन को भी इमरजेंसी सेवा में शामिल किया जाए, क्योंकि भोपाल में ही करीब 2 लाख स्टूडेंट्स को यहां से भोजन मिलता है। उनके सामने बड़ी दिक्कत खड़ी हो जाएगी।



