दावा-ईरान दो भारतीय गैस टैंकरों को होर्मुज से गुजरने देगा:आज ही ईरानी राजदूत बोले थे- भारत हमारा दोस्त

नई दिल्ली। ईरान ने दो भारतीय गैस टैंकरों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दे दी है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में यह दावा किया है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि दो भारतीय LPG टैंकर जल्द ही होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते भारत की ओर रवाना होंगे।

इससे घरेलू गैस आपूर्ति पर पड़ रहे दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि एक कच्चे तेल का टैंकर भी 1 मार्च के आसपास होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुका है और सऊदी अरब का तेल लेकर शनिवार तक भारत आ सकता है।
इससे पहले गुरुवार शाम को ही भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहाली ने कहा था कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट में भारत को सुरक्षित रास्ता देगा। उन्होंने कहा- भारत और ईरान के बीच लंबे समय से दोस्ताना रिश्ते और आपसी भरोसा रहा है।

दावा- ईरान के नए सुप्रीम लीडर का पैर काटना पड़ा

कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल हैं और कोमा में हैं।

ब्रिटिश मीडिया द सन की रिपोर्ट के मुताबिक 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के हमले में घायल होने के बाद उन्हें तेहरान के सिना यूनिवर्सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत बेहद गंभीर है।
रिपोर्ट के मुताबिक हमले में चोट इतनी गहरी थी कि उनका एक पैर काटना पड़ा और लिवर को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। अस्पताल के एक हिस्से को पूरी तरह सील कर दिया गया है और वहां भारी सुरक्षा तैनात है।
मुजतबा खामेनेई को उनके पिता और ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद 9 मार्च को देश का नया सुप्रीम लीडर बनाया गया था। अली खामेनेई की 28 फरवरी को मौत हुई थी।

Exit mobile version