सुशासन तिहार 2025 पर फोकस, मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव में पत्रकारों से की बातचीत

राजनांदगांव। राजनांदगांव प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार 2025 के संबंध में जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रेस वार्ता की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय, महापौर मधुसूदन यादव विशेष रूप से उपस्थित थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सुशासन तिहार में हम लगातार दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। सबसे पहले वे मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर ब्लॉक के सीतागांव में आयोजित समाधान शिविर में शामिल हुए। इसके बाद वे अचानक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के झुरानदी गांव पहुंचे और चौपाल में ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने इन दोनों गांवों में ग्रामीणों से योजनाओं का फीडबैक लि0या। उन्होंने छुईखदान के गभरा गांव में निर्माणाधीन सिद्धबाबा जलाशय परियोजना का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने सीतागांव स्थित आईटीबीपी कैंप पहुंचकर जवानों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उनके साथ भोजन भी किया। सीतागांव के समाधान शिविर और झुरानदी गांव की चौपाल में पीएम आवास योजना के हितग्राहियों से चर्चा की। ये हितग्राही पक्के मकान पाकर बहुत खुश हैं। एक हितग्राही ने बताया कि उसके घर में शौचालय बन गया है। एक हितग्राही ने बताया कि उसे जॉब कार्ड मिल गया है। हितग्राहियों के राशन कार्ड भी बन गए हैं। महतारी वंदन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ भी हितग्राहियों को मिल रहा है। किसानों ने बताया कि उन्हें धान पर 3100 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहे हैं। झुरानदी ग्राम पंचायत के सरपंच ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 54 मकानों का लक्ष्य मिला है। ग्रामीणों से आवास सर्वे की जानकारी भी ली।
यह देखकर खुशी हुई कि हमारी योजनाएं जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रही हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों का काम संतोषजनक है। सीतागांव के समाधान शिविर में ग्रामीणों के आग्रह पर मैंने विकास कार्यों से संबंधित घोषणाएं भी कीं। सीतागांव उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सीतापुर हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन करने की घोषणा की।
अंबागढ़ चौकी में 132 केवी विद्युत सब स्टेशन की स्थापना तथा मोहला में बस स्टैंड एवं छात्रावास निर्माण की घोषणा की। ग्राम झुरानदी में हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए, गांव में सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। दो उच्च स्तरीय पुल निर्माण की घोषणा की। गंडई से कृति बढ़ा पहुंच मार्ग पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए 2 करोड़ 54 लाख रुपए तथा गंडई करनाला पहुंच मार्ग पर लिमो पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए 2 करोड़ 52 लाख रुपए की घोषणा की। ग्रामीणों की मांग पर ग्राम पंचायत भोरमपुर में नवीन पंचायत भवन निर्माण की घोषणा की। जब प्रशासनिक व्यवस्था बेहतर तरीके से काम करती है तो लोगों का विश्वास जागता है। यह विश्वास तब और बढ़ता है जब समस्याओं का त्वरित निराकरण होता है।
सुशासन तिहार के आयोजन का उद्देश्य यह जांचना है कि मंत्रालय में हम जो योजनाएं बना रहे हैं उसका लाभ हमारे मोहला मानपुर के औंधी में रहने वाले ग्रामीणों या मलैदा में रहने वाले ग्रामीणों तक पहुंच रहा है या नहीं। इस तरह की व्यवस्था से प्रशासनिक कसावट आती है। दिनभर की गतिविधियों से हमें जिले में चल रहे कार्यों की जानकारी मिलती है और इससे समीक्षा बैठक में अधिकारियों को मदद मिलती है।
जहां भी समस्याएं हैं, उन्हें ठीक करने के निर्देश दे रहे हैं। जहां सुधार की गुंजाइश है, वहां मार्गदर्शन दिया जा रहा है। अधिकारी अच्छा काम कर रहे हैं। लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र हितग्राही योजना का लाभ लेने से न छूटे। आज मैंने खैरागढ़ और मोहला-मानपुर गांवों का दौरा किया। मैंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सुशासन तिहार जैसे जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित करते रहें।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राजनांदगांव जिले में विकास की काफी संभावनाएं हैं। हम यहां औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए काम करेंगे। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़ नए जिले बने हैं। यहां हम जिले के अनुरूप अधोसंरचना और सुविधाएं विकसित करने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। मैंने इन तीनों जिलों में चल रही अधोसंरचना निर्माण गतिविधियों की भी समीक्षा की। इसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। हमने निर्माण कार्यों की समीक्षा की है और अधिकारियों को बारिश से पहले जल्द से जल्द काम पूरा करने को कहा है। पेयजल और बिजली की स्थिति की समीक्षा की। जहां भी शिकायतें आईं, उसका तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से साफ कहा है कि बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में लापरवाही किसी भी तरह बर्दाश्त नहीं की जा सकती। हमारी सरकार का फोकस शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं पर है। हम अस्पतालों को अपग्रेड कर रहे हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए हम विशेष प्रयास कर रहे हैं। हमने समीक्षा बैठक भी की है। विभागों में अच्छा काम हुआ है। मैंने उनके प्रदर्शन की प्रशंसा की है। कुछ जगहों पर लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं हुआ है। इसे ठीक करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 17 मई 2025 को प्रदेश के प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक के बैनर तले आयोजित की जाएगी।
इन आयोजनों में स्वयं मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद, विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।इस अवसर पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरुचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मार्कण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।