MP : 5017 करोड़ की परियोजना पर लगा ब्रेक, उज्जैन ग्रीनफील्ड हाइवे का टेंडर रद्द, बंसल समूह को दिया गया था ठेका

उज्जैन। 5017 करोड रुपए की ग्रीनफील्ड हाइवे परियोजना अटक की गई है। उज्जैन से जावरा के बीच बनने वाले 102 किमी लंबे एक्सेस कंट्रोल्ड हाइवे का टेंडर मप्र रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPRDC) ने रद्द कर दिया है। बताते चलें कि अब इस हाइवे के लिए दोबारा टेंडर निकाला जाएगा। एमपीआरडीसी के अधिकारियों ने टेंडर रद्द किए जाने की पुष्टि की है।
जनवरी 2024 में सीएम मोहन यादव ने की थी घोषणा
14 जनवरी 2024 को सीएम बनने के बाद पहली बार नागदा आए डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने नागदा के मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम से ग्रीनफील्ड हाइवे बनाने की घोषणा की थी। सरकार ने परियोजना के लिए मार्च 2024 में 5 हजार 17 करोड रु. स्वीकृत किए थे। इनमें 557 करोड़ सड़क विकास निगम व 4 हजार 460 करोड रुपए राज्य सरकार के बजट से खर्च किया जाना तय हुआ है। इसके बाद एमपीआरडीसी ने 8 अप्रेल तक निविदा आमंत्रित की थी। जिसमें 13 कंपनियों ने टेंडर डाले थे।
बंसल कंस्ट्रक्शन वर्क प्रॉ.लि. के नाम पर खुला था टेंडर
साथ ही सरकार ने 500 पेज की डीपीआर बनाकर भी भेजी थी। टेंडर बंसल कंस्ट्रक्शन वर्क प्रॉ.लि. के नाम पर खुला था। नियम और शर्तों के अनुसार संबंधित निर्माण एजेंसी को दो साल में काम पूरा करना था, मगर काम शुरू होने से पहले सरकार ने अचानक टेंडर रद्द कर दिया। सरकार ने यह टेंडर क्यों रद्द किया है, इसकी अधिकृत जानकारी एमपीआरडीसी के अधिकारियों के पास भी नहीं हैं।
उज्जैन से दिल्ली या मुंबई तक का सफर 10 घंटे में पूरा
हाइवे बनने के बाद उज्जैन से दिल्ली या मुंबई (Ujjain Connectivity with Delhi Mumbai) तक का सफर 10 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। सितंबर 2024 में उज्जैन के गांवों से जमीन अधिग्रहण शुरू हुआ था और मार्च 2025 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य था। मगर किसानों की तरफ से जमीन के बदले मुआवजा या रोड के डिजाइन को लेकर आई आपत्ति व तकनीकी कारणों के चलते काम रुक गया था।





