नालंदा। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2019 बैच के अधिकारी दीपक कुमार मिश्रा वर्तमान में बिहारशरीफ नगर निगम के नगर आयुक्त के रूप में कार्यरत हैं। कुशल प्रशासनिक क्षमता, नवाचारपूर्ण सोच और जनहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के कारण वे बिहार के प्रशासनिक गलियारों में एक सशक्त, ईमानदार और परिणाम देने वाले अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। यही कारण है कि मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सिवान जिले के निवासी दीपक कुमार मिश्रा ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी दिल्ली से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। उनकी शैक्षणिक और पेशेवर यात्रा अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण की मिसाल है। वर्ष 2018 में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक 511 प्राप्त कर उन्होंने आईएएस बनने का सपना साकार किया।
आईएएस बनने से पूर्व दीपक कुमार मिश्रा ने भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) में सहायक प्रबंधक के रूप में कार्य किया। इसके साथ ही भारतीय रेलवे में भी सेवाएं दीं, जहां से उन्हें प्रशासन, प्रबंधन और जमीनी स्तर पर कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव मिला, जो आगे चलकर उनके प्रशासनिक निर्णयों की मजबूत नींव बना।
नगर आयुक्त के रूप में बिहारशरीफ में पदस्थापना के दौरान उन्होंने शहरी विकास, स्वच्छता व्यवस्था, यातायात सुधार और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी। उनके कार्यकाल में नगर निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ी और आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में ठोस पहल हुई।
शहर की सबसे बड़ी समस्या जाम से निजात दिलाने के लिए बनाए जा रहे फ्लाईओवर के वर्षों से अधूरे पड़े कार्य को उन्होंने गंभीरता से लिया और तेज़ी से आगे बढ़ाया। उनके प्रयासों से फ्लाईओवर का काम अब लगभग पूरा हो चुका है, जिससे बिहारशरीफवासियों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
