Bihar चुनाव: NDA सीट बंटवारे में भारी पड़े चिराग पासवान, JDU को देनी पड़ी कुर्बानी

पटना। वर्ष 2020 की तुलना में जदयू 2025 के विधानसभा चुनाव में 14 कम सीटों पर चुनाव लड़ेगा। लोजपा (रा) के एनडीए गठबंधन में आने की वजह से इस बार यह स्थिति बनी है।

वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में लाेजपा (रा) ने अकेले चुनाव लड़ा था। पिछले विधानसभा चुनाव में जदयू ने 115 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस बार जदयू को सीट शेयरिंग के तहत 101 सीटें मिली हैं।

वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में भी जदयू ने 101 सीट पर अपने उम्मीदवार दिए थे। इस बार सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा है कि जदयू के खाते की चार सीटें रालोमो को मिल गयी हैं। वैसे अभी अधिकारिक तौर पर यह नहीं कहा जा रहा कि कौन सीट एनडीए के किसी घटक दल को जाएगी।

इस बार जदयू की बाजपट्टी, दिनारा, सासाराम और महुआ सीट रालोमो को मिल गयी है। वैसे इन सीटों पर जदयू ने प्रत्याशी जरूर दिए थे पर उन्हें सफलता नहीं मिली थी। बाजपट्टी से रंजूगीता चुनाव हार गयीं थी।
वहीं, दिनारा से जदयू प्रत्याशी जयकुमार सिंह को सफलता नहीं मिल सकी थी। वहीं सासाराम से जदयू प्रत्याशी चुनाव हार गए थे। महुआ से जदयू प्रत्याशी आस्मां परवीन चुनाव हार गयीं थीं। यह सीट इस बार रालोमो के खाते में चली गयी है।

सीट शेयरिंग के तहत जदयू की दस सीटें लोजपा (रा) को
सीट शेयरिंग को ले आरंभिक आंकड़े के अनुसार जदयू 2020 में जिन विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ा था उनमें 10 सीटें लोजपा (रा) के पास जा रही।
इनमें एकमा, साहेबपुर कमाल, राजापाकर, अगिआंव, मढ़ौरा, बरारी व तारापुर आदि की चर्चा है। वैसे विधानसभा सीट पर आखिरी मुहर अभी बाकी।
सीट शेयरिंग के तहत जो नंबर आए हैं उस हिसाब से जदयू ने पिछली बार जिन 115 सीटों पर चुनाव लड़ा था उनमें 10 सीटें लोजपा (रा) के खाते में जा रही हैं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles