BICCI संगठन को राज्य स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड में प्रतिनिधित्व मिला, आदेश जारी

भोपाल। पिछड़ा वर्ग उद्यमियों के सशक्तिकरण हेतु निरंतर कार्यरत Backward Classes Indian Chamber of Commerce and Industry (BICCI) के लिए यह अत्यंत गौरव एवं सम्मान का विषय है कि संगठन को मध्यप्रदेश शासन द्वारा गठित राज्य स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड में प्रतिनिधित्व प्राप्त हुआ है। यह मनोनयन सामान्य प्रशासन विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश के अंतर्गत किया गया है।

उक्त बोर्ड की अध्यक्षता माननीय मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा की जाएगी। बोर्ड का उद्देश्य प्रदेश में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) के संवर्धन, औद्योगिक नीतियों पर परामर्श, अवसंरचना विकास, उद्यमिता प्रोत्साहन तथा रोजगार सृजन को गति प्रदान करना है।

उच्चस्तरीय बोर्ड में वरिष्ठ अधिकारी पदेन सदस्य

यह राज्य स्तरीय बोर्ड शासन के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से युक्त एक उच्चस्तरीय निकाय है। बोर्ड में पदेन सदस्यों के रूप में निम्न वरिष्ठ अधिकारी सम्मिलित हैं—
1. प्रमुख सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग
2. प्रमुख सचिव, वाणिज्यिक कर विभाग
3. प्रमुख सचिव, पर्यावरण विभाग
4. प्रमुख सचिव, श्रम विभाग
5. प्रमुख सचिव, ऊर्जा विभाग
6. प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग
7. उद्योग आयुक्त, मध्यप्रदेश

इसके अतिरिक्त, प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम भी बोर्ड के सदस्य हैं।

BICCI को इस उच्चस्तरीय बोर्ड में प्रतिनिधित्व प्राप्त होना संगठन द्वारा वर्षों से किए जा रहे नीतिगत सुझावों, उद्यमी हित-संरक्षण तथा MSME क्षेत्र में सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका की सशक्त मान्यता है। यह उपलब्धि न केवल BICCI संगठन के लिए गर्व का विषय है, बल्कि प्रदेश के उद्यमियों के हित में नीतिगत निर्णयों को सुदृढ़ करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर BICCI संगठन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। हमें विश्वास है कि संगठन अपनी प्रतिबद्धता और अनुभव के माध्यम से मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास में निरंतर सकारात्मक योगदान देता रहेगा।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles