Bhopal: महिला डीएसपी पर 2 लाख कैश-मोबाइल चुराने का आरोप, फ्रेंड के घर गई थी, CCTV में हाथ में नोट की गड्डी लेकर लौटते हुए दिखी…

भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय (PHQ) में पदस्थ डीएसपी कल्पना रघुवंशी पर अपनी ही फ्रेंड के घर से दो लाख रुपए कैश और एक मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगा है। जहांगीराबाद पुलिस ने आरोपी डीएसपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है।महिला अधिकारी सीसीटीवी कैमरे में फ्रेंड के घर आते-जाते समय नजर आ रही है। केस 24 सितंबर को दर्ज किया गया, जबकि वीडियो फुटेज बुधवार को सामने आए हैं।

जानकारी के मुताबिक प्रमिला तिवारी गल्ला मंडी जहांगीराबाद में रहती हैं। DSP कल्पना रघुवंशी उनकी दोस्त हैं। उनका प्रमिला के घर आना-जाना था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 24 सितंबर को वह और उनकी बेटी घर पर थीं।
दोपहर में नहाने के लिए कमरे में गईं थी। गेट खुला था। तभी किसी ने घर में घुसकर उनका एक बैग चोरी कर लिया। बैग में मोबाइल फोन और दो लाख रुपए कैश था। फरियादी के अनुसार, नहाने के बाद उन्होंने चेक किया तो बैग-पैसे और मोबाइल गायब थे। प्रमिला ने पुलिस को बताया कि कैश उन्होंने बच्चे की फीस के लिए रखा था।

घर से निकलते समय हाथ में नोटों की गड्डी
शक होने पर प्रमिला ने सीसीटीवी फुटेज देखा। इसमें डीएसपी कल्पना रघुवंशी घर में आती-जाती हुई साफ दिखाई दीं। यह भी नजर आया कि घर से निकलते समय उनके हाथ में नोटों की गड्डी थी। वीडियो देखकर प्रमिला शॉक्ड रह गईं। उन्होंने फौरन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मोबाइल लौटा दिया, 2 लाख कैश नहीं दिए
पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद डीएसपी कल्पना रघुवंशी के खिलाफ चोरी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की। भनक लगते ही महिला अधिकारी ने सहेली का मोबाइल तो लौटा दिया, लेकिन दो लाख नकद अब तक नहीं लौटाए हैं। महिला डीएसपी की गिरफ्तारी भी नहीं की जा सकी है। वह अंडरग्राउंड हो गई है।

PHQ ने DSP को विभागीय नोटिस जारी किया
पुलिस मुख्यालय ने भी आरोपी अधिकारी कल्पना रघुवंशी के खिलाफ नोटिस जारी कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारी इस घटना को लेकर सख्त रुख अपनाने की बात कह रहे हैं। फिलहाल पुलिस डीएसपी की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles