Air India की इंदौर-शारजाह फ्लाइट 22 मार्च तक निरस्त,अब दुबई से मुंबई होते हुए इंदौर का किराया एक लाख

इंदौर। अमेरिका-इजरायल और ईरान के मध्य चल रहे युद्ध के बीच यूएई में फंसे इंदौर सहित प्रदेश के लोगों को बड़ा झटका लगा है। 28 फरवरी से निरस्त चल रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह-इंदौर-शारजाह फ्लाइट को कंपनी ने 22 मार्च तक के लिए निरस्त कर दिया है। कंपनी ने अपनी वेबसाइट से भी इस फ्लाइट को हटा दिया है। इसके चलते वहां फंसे यात्रियों को दूसरे शहरों से होकर आना पड़ेगा।

शुरुआत में कहा गया था कि शारजाह एयरपोर्ट बंद होने के चलते इस फ्लाइट को बंद किया गया है, लेकिन अब शारजाह एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन शुरू हो जाने के बाद भी कंपनी ने इसका संचालन शुरू नहीं किया है, जबकि कई यात्रियों ने पहले 12 से 15 हजार में शारजाह से इंदौर के लिए टिकट बुक किए थे।

अब इस फ्लाइट के बंद होने के कारण अब दुबई या अन्य शहरों से भारत के प्रमुख शहरों (दुबई से मुंबई होते हुए इंदौर) तक आने वाली उड़ानों में टिकट तलाश कर रहे हैं तो इनकी कीमत 80 हजार से एक लाख तक है। कंपनी ने 22 मार्च तक की फ्लाइट को सिस्टम से हटा दिया है और अब 23 मार्च से बुकिंग की जा रही है, लेकिन अब भी भरोसा करना मुश्किल हो रहा है कि 23 से भी फ्लाइट चलेगी या नहीं।

इधर, कल रात की स्टार एयर की उड़ान से यात्री हुए परेशान
इंदौर की देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर (सोमवार को गोंदिया और मुंबई से आने और जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टार एयर ने मुंबई और गोंदिया से आने और जाने वाली अपनी सभी चार उड़ानों को निरस्त कर दिया। स्टार एयर ने 15 जनवरी से इंदौर से मुंबई और गोंदिया के बीच उड़ानों का संचालन शुरू किया है।

यह फ्लाइट शाम 5:50 बजे मुंबई से इंदौर आकर 6:20 बजे गोंदिया जाती है। गोंदिया से रात 9:30 बजे इंदौर आकर 10 बजे वापस मुंबई जाती है, लेकिन कल कंपनी ने इन सभी चार उड़ानों को निरस्त कर दिया। कंपनी ने इसके लिए ऑपरेशनल कारणों का हवाला दिया। इन उड़ानों से सफर करने के लिए यात्री जब एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्हें फ्लाइट के निरस्त होने की जानकारी मिली। इस पर यात्रियों ने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की, लेकिन कंपनी में यात्रियों को सिर्फ रिफंड और रि-बुकिंग का विकल्प दिया।

Exit mobile version