Delhi : विजिलेंस के छापे के बाद CM रेखा गुप्ता ने CPA प्रमुख को हटाया, 40 से अधिक कर्मियों का भी ट्रांसफर

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की केंद्रीय खरीद एजेंसी (सीपीए) पर हालिया विजिलेंस छापे के बाद सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ी प्रशासनिक सर्जरी कर दी। सीपीए प्रमुख डा. विनोद कुमार रंगा को उनके पद से हटाते हुए उनके साथ 40 से अधिक मेडिकल, पैरामेडिकल और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों का सीपीए से स्थानांतरण कर दिया।

इससे पहले विजिलेंस छापे के बाद दिल्ली स्वास्थ्य सेवाओं की महानिदेशक डॉ. वत्सला अग्रवाल को उनके पद से हटाया जा चुका था। दिल्ली सरकार की इस मामले में की इस दूसरी बड़ी कार्रवाई को विभाग में जवाबदेही तय करने और खरीद व्यवस्था पर नियंत्रण मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

सीपीए में कार्यरत 10 डॉक्टरों का स्थानांतरण
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के आदेश के अनुसार सीपीए में कार्यरत 10 डाक्टरों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें डा. विनोद कुमार रंगा सबसे प्रमुख नाम हैं। इसके अलावा फार्मासिस्ट, जूनियर मेडिकल लैब टेक्नीशियन, लैब अटेंडेंट और ड्राइवर सहित 20 पैरामेडिकल कर्मचारियों को भी बदला गया है। प्रशासनिक स्तर पर सेक्शन आफिसर, सीनियर असिस्टेंट और जूनियर असिस्टेंट श्रेणी के 10 कर्मचारियों का भी तबादला किया गया है।

सरकार ने केवल अधिकारियों को हटाने तक ही खुद को सीमित नहीं रखा है, बल्कि सीपीए की पूरी कार्यप्रणाली को नए सिरे से खड़ा करने की तैयारी भी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों से 12 चिकित्सा अधिकारियों को सीपीए में तैनात किया गया है। इनमें वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इनकी जिम्मेदारी खरीद, भंडारण, आपूर्ति और निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना होगी।

Exit mobile version