Bihar : फेज-1 के 33 कैंडिडेट्स पर हत्या का आरोप, RJD के 60, BJP के 56% उम्मीदवारों पर क्रिमिनल केस; 2 प्रत्याशियों पर रेप का आरोप

पटना। बिहार विधानसभा के पहले चरण का चुनाव लड़ रहे 1 हजार 314 उम्मीदवारों में से 27% गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपी हैं। CPM के 100%, CPI के 80%, भाकपा माले के 64%, राजद के 60% और बीजेपी के 56% उम्मीदवारों पर गंभीर मामले दर्ज हैं। एडीआर-बिहार इलेक्शन वाच ने मंगलवार को यह रिपोर्ट जारी की।

रिपोर्ट 1314 में से 1303 उम्मीदवारों के शपथपत्र पर आधारित है। पहले चरण में 6 नवंबर को 121 सीटों के लिए चुनाव होना है। 1303 में से 423 यानी 32% उम्मीदवारों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किए हैं।

354 (27%) उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले हैं। 33 उम्मीदवारों पर हत्या, 86 पर हत्या की कोशिश और 42 उम्मीदवारों पर महिलाओं पर अत्याचार से जुड़े मामले दर्ज हैं। 2 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर रेप से जुड़े मामले का भी जिक्र किया है।

कांग्रेस के 52%, जदयू के 26% प्रत्याशी पर गंभीर केस

रिपोर्ट के मुताबिक जनसुराज के 114 में 49 (43%), बसपा के 89 में 16 (18%), राजद के 70 में 42 (60%), जदयू के 57 में 15 (26%), भाजपा के 48 में 27 (56%), आप के 44 में 9 (20%), कांग्रेस के 23 में 12 (52%), भाकपा माले के 14 में 9 (64%), लोजपा (आर) के 13 में 5 (38%), सीपीआई के 5 में से 4 (80%) और सीपीएम के 3 में 3 (100%) उम्मीदवारों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे हैं।

भाजपा-कांग्रेस के 65% उम्मीदवारों पर मुकदमे

जनसुराज के 114 में 50 (44%), बसपा के 89 मे 18 (20%), राजद के 70 में 53 (76%), जदयू के 57 में 22 (39%), भाजपा के 48 में 31 (65%), आप के 44 में 12 (27%), कांग्रेस के 23 में 15 (65%) भाकपा माले के 14 में 13 (93%), लोजपा (आर.) के 13 में 7 (54%), सीपीआई के 5 में 5 (100%) और सीपीएम के 3 में 3 (100%) उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

40% कैंडिडेट करोड़पति

1303 में 519 उम्मीदवार यानी 40% करोड़पति हैं। इनकी औसत संपत्ति 3.26 करोड़ है। 519 उम्मीदवार सिर्फ 5 वीं से लेकर 12 वीं तक पास हैं। प्रतिशत में यह आंकड़ा 40% है। 651 यानी 50% उम्मीदवार स्नातक और इससे ज्यादा पढ़े हैं। पहले चरण के कुल उम्मीदवारों में महज 9% महिलाएं हैं।
दोनों डिप्टी CM पर क्रिमिनल केस, सम्राट के पास दो हथियार

सम्राट चौधरी तारापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव आयोग में दायर हलफनामे के मुताबिक, सम्राट चौधरी के पास 11.5 करोड़ रुपए की संपत्ति है। CM नीतीश कुमार से 6 गुना ज्यादा।

56 साल के सम्राट चौधरी 9.29 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति के मालिक हैं। उन्होंने ‘डॉक्टर ऑफ लिटरेचर’ की डिग्री हासिल की है। पीएफसी सर्टिफिकेट कामराज यूनिवर्सिटी से मिली है। सम्राट चौधरी की पत्नी ममता ने 2024-25 में 12.73 लाख रुपए आमदनी की। इनके पास 27.89 लाख रुपए की चल और 1.08 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है।
रेणु देवी के पास साढ़े 5 करोड़ की संपत्ति

भाजपा नेता व मंत्री रेणु देवी के पास 1.14 करोड़ रुपए की चल और 4.23 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। बेतिया और कोलकाता में जमीन-मकान हैं। उनके पति के नाम से कोलकाता में फ्लैट है। पटना, बेतिया में मकान हैं।
मंगल पांडे पर हैं 3 क्रिमिनल केस

बिहार सरकार में मंत्री और सीवान सदर से भाजपा उम्मीदवार मंगल पांडे के पास 1.47 करोड़ रुपए की चल और 87 लाख की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी 52.84 लाख रुपए की चल और 43 लाख रुपए की अचल संपत्ति की मालकिन हैं। मंगल पांडे के खिलाफ 3 केस दर्ज हैं।
सुनील कुमार की संपत्ति 5 साल में 6 करोड़ बढ़ी

मंत्री और बिहारशरीफ से भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुनील कुमार 17.5 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। 5 साल में उनकी संपत्ति 6 करोड़ बढ़ी। हलफनामे में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि उनकी आय में 1 साल में करीब 6 गुणा वृद्धि हुई। 2023-24 में उन्हें 28.59 लाख रुपए आमदनी हुई। 2024-25 में यह बढ़कर 1.67 करोड़ रुपए हो गई।
जीवेश मिश्रा पर 3 केस, 2 करोड़ की संपत्ति

जाले विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार जीवेश मिश्रा के पास 66.02 लाख रुपए की चल और 1.4 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी के पास 22 करोड़ रुपए की चल और 2.36 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है।
नितिन नवीन पर 5 केस, संपत्ति लाखों में

बांकीपुर से बीजेपी प्रत्याशी और पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन पर 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनके पास 92.71 लाख रुपए की चल संपत्ति है। अचल संपत्ति नहीं है। नितिन नवीन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव के पास 66.52 लाख रुपए की चल और 1.47 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है।
राजू सिंह पर 10 क्रिमिनल केस, 11 करोड़ के मालिक

मंत्री राजू कुमार सिंह साहेबगंज सीट से चुनावी दंगल में हैं। उन पर 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं। राजू के पास 7.04 करोड़ रुपए की चल और 4.05 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी के पास 81.75 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है। मंत्री के पास पेट्रोल पंप भी है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles