कजलीखेड़ा भोपाल का 38वां थाना, कोलार में अब 2 थाने

भोपाल। राजधानी के कोलार में अब 2 थाने होंगे। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के अधिसूचना जारी करते ही कजलीखेड़ा नए थाने के रूप में अस्तित्व में आ गया है। यह भोपाल का 38वां थाना होगा, जो सबसे बड़े कोलार थाने से अलग हुआ है।

भोपाल में अब तक 37 थाने थे, लेकिन करीब 4 लाख आबादी वाले कोलार में एक और नया थाना कजलीखेड़ा के लिए अधिसूचना जारी हो गई है। शुक्रवार को कोलार थाने की सीमाओं को विभक्त करते हुए नए कजलीखेड़ा थाने की अधिसूचना जारी की गई।

काजलीखेड़ा थाने में ये 40 इलाके शामिल गेहूंखेड़ा, प्रियंका नगर, फेथकलां, सेमरीकलां, अमरावतकलां, इमलिया जरगर, पचामा, वंदौरी, सेवनिया, सुरैया नगर, खांडाबड़, खडबमुलिया, कोटरा, छोटाखेड़ा, शोभापुर, सुहागपुर, गोल, रानी पिपलिया, बैरागढ़ चीचली, देहरीकलां, इनायतपुर, बोरदा, महाड़िया, कजलीखेड़ा, आईबीडी हॉल मार्क सिटी, रायपिंक सिटी, गौरव नगर, सांई श्रद्धा होम्स, पीली तलाई, बोदा खां, धोली उमर, दौलतपुर, माय सिटी, गौंडीपुरा, थुआखेड़ा, पिपलिया केशो, कांकरिया, भोजनगर, मीनाखेड़ी, यूबी सिटी और कोड़ी शामिल हैं।

नए एसडीएम ऑफिस के बाद नई सौगात

कोलार को एसडीएम तहसील कार्यालय, विद्युत का डिवीजन कार्यालय, लोक सेवा केंद्र के बाद शुक्रवार को नए कजलीखेड़ा थाने की सौगात मिली है। इस पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, मुखर्जी नगर कोलार विकास कार्यों के मामले में तेजी से विकसित हो रहा है, तो वहीं आबादी की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के लिए कोलार में अतिरिक्त थाना कजलीखेड़ा खुल गया है। इसके लिए लंबे समय से प्रयास किए गए थे। आज अधिसूचना जारी होने के बाद कोलारवासियों को नए थाने की सौगात मिली है।

Exit mobile version