I.N.D.I.A: भोपाल में होने वाली विपक्षी गठबंधन की रैली निरस्त, जनता के आक्रोश से डर गया गठबंधन : शिवराज
भोपाल। भोपाल में होने वाली विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की रैली कैंसिल हो गई है। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि यह रैली नहीं होगी। प्रोग्राम कैंसिल हो गया है।I.N.D.I.A. की रैली कैंसिल होने पर सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश की लोगों के मन में रोष है। तकलीफ है। कांग्रेस को डर था कि वह रोष कहीं प्रकट न हो जाए। इसलिए गठबंधन की रैली ही कैंसल कर दी। जनता का आक्रोश I.N.D.I.A. गठबंधन और कांग्रेस के खिलाफ है।
बता दें कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A. की संयुक्त रैली भोपाल में होना प्रस्तावित थी। तीन दिन पहले कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल ने इसकी जानकारी दी थी। जो अब कैंसिल हो गई है। आगे कब रैली होगी। अभी इस पर कांग्रेस ने कोई जानकारी नहीं दी है।
शिवराज बोले- कांग्रेस में लट्ठम-लट्ठा, बाहर वालों को क्या बुलाएंगे
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने तंज कसते हुए कहा, उनके लीडरशिप में दम ही नहीं है। इनके नेताओं में एकता नहीं है। ये बाहर से क्या बुलाएंगे। घरवाले ही आपस में लड़ रहे हैं। कांग्रेस में लट्ठम – लट्ठा मचा हुआ है। किसका फोटो लगे, किसका न लगे, इस चक्कर में घर वाले ही प्रचार नहीं कर रहे। तो बाहर वालों को क्या बुलाएंगे।
सनातन पर आमने सामने शिवराज और कमलनाथ
सीएम शिवराज सिंह ने सनातन को लेकर कहा कि, सनातन का अपमान मध्य प्रदेश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। हजारों- हजार साल पुरानी हमारी संस्कृति है। हमारे जीवन मूल्य हैं, हमारी परंपराएं हैं। अगर उन पर हमला होगा या फिर चोट पहुंचाई जाएगी। तो जनता किसी भी कीमत पर इसे सहन नहीं करेगी।
सनातन धर्म के सवाल पर कमलनाथ ने कहा, बीजेपी ने सनातन धर्म पर हमला बोल रखा है। इसलिए यह जन आक्रोश है। सनातन युग युगांतर से है और रहेगा। उस संस्कृति और संस्कार को कांग्रेस आगे बढ़ाएगी। यहां सनातन धर्म की बात की जा रही है। भारत सनातन धर्म का देश है। सनातन धर्म क्या कहता है। ये हमें समझना है। भाजपा का प्रयास है ध्यान मोड़ना। 2019 के चुनाव में सर्जिकल स्ट्राइक में राष्ट्रवाद के मुद्दे लाए थे। बीजेपी का प्रयास है कैसे एजेंडा बदले, ध्यान मोड़ दो।