भोपाल। राजधानी के भेल दशहरा मैदान में आयोजित लाइव कॉन्सर्ट में ऑस्कर विजेता संगीतकार A. R. Rahman ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कॉन्सर्ट शुरू होने से पहले ही मैदान में भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी और फैंस घंटों से उनके मंच पर आने का इंतजार कर रहे थे। रहमान ने तेलुगू फिल्म Peddi का गीत ‘होलु लू’ गाकर माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।
यह आयोजन केवल संगीत कार्यक्रम नहीं बल्कि फिल्म Peddi के बड़े प्रमोशनल इवेंट के रूप में भी सामने आया। प्रमोशन के लिए Ram Charan, Janhvi Kapoor, Ravi Kishan और Divyendu Sharma मंच पर पहुंचे। सितारों की मौजूदगी ने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया।
अपने संबोधन में A. R. Rahman ने कहा कि भारतीय सिनेमा अब नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारतीय सिनेमा की सीमाएं टूट रही हैं और अब तमिल कलाकार हिंदी फिल्मों में तथा हिंदी कलाकार तेलुगू फिल्मों में काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक यह भारतीय सिनेमा के लिए एक खूबसूरत बदलाव है और अब बड़े तथा महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स पर मिलकर काम करने का समय आ गया है।
वहीं Divyendu Sharma ने कहा कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास है क्योंकि यह उनका तेलुगू सिनेमा में डेब्यू है। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि जिस तरह उन्हें हिंदी फिल्मों और ओटीटी पर प्यार मिला, उसी तरह इस फिल्म को भी समर्थन मिलेगा।
