Congress : 7 अलग-अलग जगहों से शुरू की जन आक्रोश यात्रा,नेताओं ने गिनाए भाजपा सरकार के घोटाले
भोपाल। मध्यप्रदेश में बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा के जवाब में कांग्रेस ने मंगलवार से जन आक्रोश यात्रा का आगाज कर दिया है। प्रदेश के 7 अलग-अलग इलाकों से कांग्रेस के 7 सीनियर नेताओं ने इन यात्राओं की शुरुआत की। ये यात्राएं लगभग 11 हजार 400 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी।
जन आक्रोश यात्रा के जरिए कांग्रेस नेता जनता के बीच प्रदेश सरकार के घपले-घोटाले रखेंगे। साथ ही कमलनाथ की सवा साल की सरकार के कामकाज और उनके 11 वजन भी जनता के सामने रखेंगे।
मालवा – मंदसौर
मालवा में मंदसौर से पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने जन आक्रोश यात्रा की शुरुआत की। इससे पहले वे भगवान पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। हालांकि देरी होने की वजह से मंदिर के पट बंद हो गए थे, इसलिए वे भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन नहीं कर पाए।
पटवारी ने बुलेट पर सवार होकर रोड शो में शामिल हुए। उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में मंदसौर में 11 पुलिसकर्मी अफीम तस्करी के मुकदमे में अपराधी बन गए और सीएम आज कल मंच पर रैंप वॉक कर रहे हैं। भाजपा 18 साल से जनता के शोषण के बाद जन आशीर्वाद निकाल रही है, लेकिन इस बार जनता का आक्रोश है, इसलिए हम जनाक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं। पटवारी ने मंच पर सीएम की नकल (मिमिक्री) भी की।
विंध्य – रीवा
विंध्य के रीवा से पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने यात्रा की शुरुआत की। सबसे पहले वे सुबह करीब साढे़ नौ बजे किला स्थित महामृत्युंजय मंदिर पहुंचे। यहां दर्शन और पूजा के बाद पत्रकारवार्ता की।
बुंदेलखंड – दमोह
बुंदेलखंड के दमोह से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने यात्रा का आगाज किया। उन्होंने जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर से जन आक्रोश यात्रा की शुरुआत की। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से कहा है कि उन्हें जन आशीर्वाद यात्रा नहीं बल्कि माफी यात्रा निकाली चाहिए।
चंबल – श्योपुर
चंबल में श्योपुर से नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान लक्ष्मण सिंह और रामनिवास रावत समेत पार्टी के कई नेता शामिल हुए। जन आक्रोश रैली की शुरुआत करने से पहले नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने टोड़ी गणेश मंदिर पर पहुंचकर पूजा आराधना की।