Hurun रिच लिस्ट में एमपी से 13 कारोबारियों के नाम:इंदौर के विनोद अग्रवाल सबसे ऊपर, हर दिन 6.57 करोड़ रुपए बढ़ी संपत्ति

इंदौर। हुरुन रिच लिस्ट 2024 बुधवार को जारी कर दी गई। इसमें हजार करोड़ रुपए से अधिक संपत्ति वाले भारत के 1687 बिजनेसमैन को शामिल किया गया है। मध्य प्रदेश से इस सूची में 13 कारोबारी शामिल हैं, जिनमें इंदौर से 10 और भोपाल से 3 उद्योगपति हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जांच में घिरा पाथ ग्रुप भी इस लिस्ट में शामिल है। हालांकि, ग्रुप की संपत्ति बीते साल से घटी है।
इंदौर के कोल कारोबारी विनोद अग्रवाल 9500 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ एमपी में पहले नंबर पर हैं। दूसरे स्थान पर भोपाल के दिलीप बिल्डकॉन के मालिक दिलीप सूर्यवंशी हैं, जिनकी संपत्ति 4430 करोड़ रुपए आंकी गई है। अग्रवाल की संपत्ति में 2400 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। राष्ट्रीय स्तर पर वे 66 पायदान ऊपर चढ़े हैं। सूर्यवंशी की संपत्ति में 630 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। सूर्यवंशी 10 पायदान ऊपर चढ़े हैं।
अग्रवाल की संपत्ति हर दिन 6.57 करोड़ बढ़ी
इंदौर के कारोबारियों में से विनोद अग्रवाल बीते साल की लिस्ट में 394वें नंबर पर थे। उनकी संपत्ति 7100 करोड़ थी। एक साल में उनकी संपत्ति 2400 करोड़ रुपए बढ़ी है यानी इसमें हर दिन 6.57 करोड़ का इजाफा हुआ है।
वहीं, इंदौर से दूसरे नंबर पर आए उजास एनर्जी के श्याम मूंदड़ा की संपत्ति घटी है। बीते साल वे 3500 करोड़ के साथ 709 नंबर पर थे, अब 767 नंबर पर हैं। उनकी संपत्ति 3410 करोड़ रुपए है।
पाथ ग्रुप विवाद में, शक्ति पंप के दो पार्टनर लिस्ट में
तीन दिन पहले ईडी के छापे से चर्चा में आए इंदौर (महू) के पाथ ग्रुप के नितिन अग्रवाल की संपत्ति पहले 1300 करोड़ थी और वे 1378वें नंबर पर थे। इस बार उनकी संपत्ति घटकर 1230 करोड़ रह गई है। वे 1522 नंबर पर आ चुके हैं।
वहीं, शक्ति पंप के दिनेश पाटीदार बीते साल 3400 करोड़ के साथ 732 नंबर पर थे लेकिन अब 1440 करोड़ के साथ 1399वें स्थान पर पहुंच गए हैं। सुनील पाटीदार जो इसी कंपनी में पार्टनर हैं, वे बीते साल 1200 करोड़ के साथ 1445 नंबर पर थे। इस बार 2050 करोड़ के साथ 1094 नंबर पर आ गए हैं।