नेटवर्थ 8.59 लाख करोड़; मुकेश अंबानी दूसरे नंबर पर, नेटवर्थ 8.42 लाख करोड़
नई दिल्ली। अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, उनकी नेटवर्थ 92.6 अरब डॉलर (करीब 8.59 लाख करोड़ रुपए) हो गई है। अभी तक रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी एशिया के सबसे अमीर शख्स थे। उनकी नेटवर्थ 90.8 अरब डॉलर (करीब 8.42 लाख करोड़ रुपए) है। इलॉन मस्क ब्लूमबर्ग की लिस्ट में टॉप पर हैं। गौतम अडाणी 19वें और मुकेश अंबानी 20वें नंबर पर हैं।
इस साल अडाणी की संपत्ति 8.1 अरब डॉलर बढ़ी
साल 2026 की शुरुआत से अब तक दोनों कारोबारियों की संपत्ति में विपरीत रुझान देखने को मिला है। गौतम अडाणी की संपत्ति में इस साल 8.1 अरब डॉलर यानी 75.11 हजार करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। अडाणी ग्रुप के शेयरों में आई तेजी ने इनकी नेटवर्थ को बड़ा बूस्ट दिया है। मुकेश अंबानी की संपत्ति में इस साल 16.9 अरब डॉलर यानी 1.57 लाख करोड़ रुपए की गिरावट हुई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में उतार-चढ़ाव इसकी मुख्य वजह रही।
एक दिन में अडाणी की संपत्ति 3.56 अरब डॉलर बढ़ी
शेयर बाजार के पिछले कारोबारी सत्र में जहां सेंसेक्स में 123 अंकों की गिरावट रही, वहीं अडाणी ग्रुप के शेयर बढ़े। महज एक दिन में गौतम अडाणी की वेल्थ में 3.56 अरब डॉलर यानी 33.01 हजार करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई। इसी उछाल ने उन्हें मुकेश अंबानी से आगे निकलने में मदद की। हालांकि, अंबानी की संपत्ति में भी 7.67 करोड़ डॉलर यानी 71.14 हजार करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई, लेकिन यह अडाणी की रफ्तार के सामने कम रही।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर लिस्ट- अडाणी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने
