झूठ की बुलेट ट्रेन शिवराज…साढ़े चार सौ में सिलेंडर का सपना दिखाया और नौ सौ का मिलेगा: कमलनाथ
भोपाल। केंद्र सरकार द्वारा गैस सिलेंडर पर दो सौ रुपए घटाने पर पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने मध्य प्रदेश को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा – शिवराज जी 2 दिन पहले आपने घोषणा की थी कि मध्य प्रदेश में गैस का सिलेंडर 450 रुपए में मिलेगा। आज आप प्रधानमंत्री को इस बात के लिए धन्यवाद दे रहे हैं कि उन्होंने गैस सिलेंडर पर ₹200 की सब्सिडी की घोषणा की है। अगर यह सब्सिडी सच्ची हुई तो मध्य प्रदेश में गैस का सिलेंडर ₹900 से अधिक में मिलेगा। इस तरह से आपने दो दिन पहले बहनों को 450 रुपए सिलेंडर का सपना दिखाया था और 48 घंटे के अंदर उससे दोगुनी कीमत के 900 रुपए के गैस सिलेंडर का आप स्वागत कर रहे हैं।
मैं मध्य प्रदेश की बहनों को भरोसा दिलाता हूं कि मैं आपको शिवराज जी की तरह झूठी घोषणाएं नहीं दूंगा। नारी सम्मान के अंतर्गत ₹500 में गैस सिलेंडर दूंगा। इसके साथ ही आपको प्रतिमाह 1500 रुपए दिए जाएंगे।
प्रदेश की जनता समझ गई है कि जो लोग वादे करने में हेरा-फेरी कर रहे हैं, वह वादे निभाने में धोखा देने से भी बिल्कुल नहीं चूकेंगे। शिवराज जी की झूठ मशीन अब झांसा मशीन भी बन गई है।