MP: सारंग के इस्तीफे तक लड़ाई जारी रहेगी: सिंघार

भोपाल। नर्सिंग घोटाले के खिलाफ बोर्ड आफिस चौराहे पर चल रहे यूथ कांग्रेस के सत्याग्रह में आज विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पहुंचे। उन्होंने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मितेंद्र सिंह को बिस्कुट खिलाकर सत्याग्रह समाप्त कराया। इस मोके पर उमंग सिंघार ने कहा, हमारी लड़ाई मंत्री विश्वास सारंग से है। उनका इस्तीफा न होने तक ये लड़ाई जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीधे-साधे विद्यार्थी कॉलेज में एडमिशन ले लेते हैं। उन्हें क्या पता की कॉलेज फर्जी है। यहां भोपाल में मंत्री के साथ मिलकर अधिकारी नियमों में छेड़छाड़ करते हैं। जिससे छात्रों का भविष्य बरबाद हो रहा है। प्रदेश के युवाओं को विश्वास दिलाना चाहते हैं कि हम आपके भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे।

सीएम मोहन यादव की तारीफ की

उन्होंने कहा कि ये सत्याग्रह जब पूरा होगा जब नर्सिंग कॉलेज की पूरी लड़ाई आप जीतेंगे। आपकी ये लड़ाई सदन से लेकर मैदान तक विश्वास सारंग के खिलाफ चलती रहेगी। आपकी इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी और उसके विधायक पूरी तरह आपके साथ हैं। हमारी लड़ाई उस मंत्री से है जो मोहन यादव की सरकार की कैबिनेट में मंत्री है। मोहन यादव ऐसे भ्रष्टाचारी मंत्री को रखे हैं। अभी नए-नए मोहन यादव आए हैं उनकी छवि स्वच्छ है। अगर वे चाहते हैं कि उनकी छवि खराब हो, मंत्री के काले दाग ते छींटे इनके कपड़ों पर आएं तो वे उन्हें झेलें।

मंगलवार को शुरू हुआ था सत्याग्रह

नर्सिंग कॉलेज घोटाले के खिलाफ यूथ कांग्रेस ने मंगलवार से बोर्ड ऑफिस चौराहे पर 24 घंटे का सत्याग्रह शुरू किया था। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह के साथ कई युवा नेता और नर्सिंग घोटाले से प्रभावित छात्र-छात्राएं भी सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे। सत्याग्रह स्थल पर कुछ नर्सिंग छात्राएं फूट-फूटकर रोने लगीं। इस दौरान पीसीसी चीफ जीतू पटवारी भी पहुंचे और उन्होंने छात्राओं को ढांढस बंधाया। विवेक त्रिपाठी ने भाजपा पर सिर्फ राजनीति करने और छात्रों व युवाओं की उपेक्षा का आरोप लगाया। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जयवर्धन सिंह समेत कई कांग्रेस नेता मौके पर पहुंचे और भाजपा पर शिक्षा माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles