मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री...कांग्रेस ने पंचायती राज व्यवस्था को ध्वस्त किया: मोदी

रीवा में मेगा कार्यक्रम.. 3 नई ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, कई रेल परियोजनाओं का किया शुभारंभ
रीवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पूज्य बापू कहते थे भारत की आत्मा गांवों में बसती है, लेकिन कांग्रेस ने गांधी के विचारों को भी अनसुना किया। आजादी के बाद की सरकारों ने भारत की पंचायती राज व्यवस्था को ध्वस्त किया। जो व्यवस्था सैकड़ों वर्ष, हजारों वर्ष पहले से थी, उसी पंचायती राज व्यवस्था पर आजादी के बाद भरोसा ही नहीं किया गया।
एसएएफ मैदान में राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जेम और ई ग्राम स्वराज के एकीकृत पोर्टल का शुभारंभ किया, समावेशी विकास के पोर्टल, तीन नई रेलगाडिय़ों की शुरुआत के साथ 2300 करोड़ की नई रेल परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
पीएम मोदीने कहा कि डिजिटल क्रांति के इस दौर में अब पंचायतों को भी स्मार्ट बनाया जा रहा है। आज ई-ग्राम स्वराज- जीईएम इंटीग्रेटेड पोर्टल का शुभारंभ किया गया है। इससे पंचायतों के माध्यम से होने वाली खरीद की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनेगी। पीएम ने कहा कि हमारे यहां गांव के घरों के प्रॉपर्टी के कागजों को लेकर बहुत उलझनें रही हैं। इसके चलते भांति-भांति के विवाद होते हैं, अवैध कब्ज़ों की आशंका होती है। पीएम स्वामित्व योजना से अब ये सारी स्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने कहा, 90 के दशक में पंचायती राज के नाम पर खानापूर्ति की, ध्यान नहीं दिया। 2014 के बाद से देश ने अपनी पंचायतों के सशक्तिकरण का बीड़ा उठाया। आज इसके परिणाम नजर आ रहे हैं। आज भारत की पंचायतें गांवों के विकास की प्राणवायु बनकर उभर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने दिलाए पांच संकल्प
मुख्यमंत्री बोले - प्रधानमंत्री गांव, किसान और खेती के लिए चिंतित हैं। मध्य प्रदेश में किसानों की आय दोगुनी हो गई। प्रदेश की पिछली सरकार ने पाप किया। किसानों को पैसा नहीं दिया। आवास का पैसा नहीं दिया। जलजीवन मिशन का पैसा नहीं दिया। मुख्यमंत्री ने सबसे पांच संकल्प कराए, 1. बिजली बचाएंगे 2. पानी बचाएंगे 3. पेड़ लगाएंगे 4. प्राकृतिक खेती करेंगे व 5. स्वच्छता रखेंगे।

0/Post a Comment/Comments