कांग्रेस का कमलनाथ के नेतृत्व में करेगे शक्ति प्रदर्शन, राजभवन का करेगी घेराव

Congress will show power under the leadership of Kamal Nath, will lay siege to Raj Bhavan

मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी के निलंबन के बाद कांग्रेस भड़की हुई है। आज यानी 13 मार्च को भोपाल में पीसीसी चीफ कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी राजभवन का घेराव करेगी। जवाहर चौक पर दोपहर 12 बजे जनसभा होगी। इसके बाद कांग्रेस विधायक और कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए राजभवन जाएंगे।
विधायक से कहा- कार्यकर्ताओं के रुकने का इंतजाम करो
प्रदेश कांग्रेस की ओर से सभी कांग्रेस विधायकों को पत्र लिखकर ये निर्देश दिए गए हैं कि अपने विधानसभा क्षेत्र से आने वाले कार्यकर्ताओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था करें। कांग्रेस संगठन की ओर से सभी विधायकों, पूर्व विधानसभा और लोकसभा प्रत्याशियों को कार्यकर्ताओं को भोपाल लाने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल समेत तमाम प्रकोष्ठ और विभागों के पदाधिकारियों को भी लोगों को लाने की जिम्मेदारी दी गई है।
इन मुद्दों पर आज का पैदल मार्च
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा उद्योगपति गौतम अडाणी के पक्ष में अपनाई गई क्रोनी कैपिटलिज्म की नीति के बाद गरीब और मध्यम वर्ग के करोड़ों भारतीयों की बचत खतरे में पड़ गई है। देश में बढ़ती महंगाई, प्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी, तनावग्रस्त किसान, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, रेप, मर्डर, ध्वस्त कानून व्यवस्था, लूट, डकैती सहित भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आमजन परेशान है। भाजपा और संघ विचारधारा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग और उनकी छवि धूमिल करने पर आमादा है। लिहाजा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उक्त घेराव - विशाल मार्च आयोजित किया जा रहा है।
बीजेपी अध्यक्ष ने कसा तंज
कांग्रेस द्वारा किए जा रहे राजभवन घेराव पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस यह दिखा देना चाहती है कि उसके पास अब मुद्दा नहीं है। वह सिर्फ झूठ और छल-कपट की राजनीति ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की सरकारें इस तरह काम कर रही हैं कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ यह बता सकती हैं कि किस पंचायत में, किस गांव में हमने क्या काम किया है। किस तरह गरीबों का जीवन बदलने के अभियान को साकार किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश में तो भाजपा सरकार जिन लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिला है, उनका ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन करके लाभ दिला रही है।
राज्यपाल का सम्मान करे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि अगर मैं यह कहूं कि मध्यप्रदेश को पहली बार ऐसे राज्यपाल मिले हैं, जो जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सक्रियता से काम कर रहे हैं, तो यह गलत नहीं है। राज्यपाल सिकलसेल एनीमिया जैसी बीमारी के उन्मूलन के लिए काम कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हो रहे हैं। कांग्रेस को तो ऐसे राज्यपाल का सम्मान करना चाहिए।

0/Post a Comment/Comments