रामनवमी के अवसर पर नरेला विधानसभा में दीपोत्सव मनाया गया। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के आवाह्न पर क्षेत्र के लोगों ने अपने घरों के बाहर एक दीपक भगवान श्रीराम के नाम और एक दीपक राष्ट्र के ना जलाया। क्षेत्र में शाम होते ही रहवासियों ने अपने घरों के साथ ही मुख्य मार्गों, सभी आवासीय परिसरों, संस्थानों सहित सभी मंदिरों एवं क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर करीब 1.5 लाख से अधिक दीपक जलाए।
इस अवसर पर मंत्री सारंग ने नरेला विधानसभा अंतर्गत प्रभात चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में हजारों दीपों के साथ भारत माता और भगवान श्रीराम दरबार की महाआरती भी की। दीपोत्सव के दौरान रहवासियों में विशेष उल्लास और उत्साह देखने को मिला। वहीं नरेला क्षेत्र में रामनवमी का उत्सव देर रात तक लोग मनाते रहे| मंत्री ने कहा कि नरेला विधानसभा में प्रत्येक पर्व जनभावना के साथ भव्य रूप में मनाया जाता है। रामनवमी के अवसर पर नरेला विधानसभा के समस्त नागरिकों द्वारा अयोध्या में कई वर्षों के इंतजार के बाद श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला के भव्य मंदिर निर्माण की प्रसन्नता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करने के लिये करीब 1.5 लाख से अधिक दीपक जलाए गये।
उन्होंने कहा कि भारत में सदियों से भगवान राम के प्रति लोगों की अटूट आस्था है। यहां प्रत्येक धर्मप्रेमी के हृदय में राम का वास है। निश्चित रूप से भगवान राम हमारे राष्ट्र की पहचान है और अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर का निर्माण राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है।
क्षेत्र में प्रमुख चौराहों पर भगवान राम और भारत माता की सुंदर रंगोलियां भी बनाई गई थी। यहां ढोल नंगाड़ों और आतिशबाजी के साथ रहवासियों ने राम जन्मोत्सव मनाया। वहीं क्षेत्र के कई मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना के साथ ही भंडारों का भी आयोजन किया गया था।
Post a Comment