भोपाल विकास प्राधिकरण में तीन नियुक्तियां, अब टिकट की दावेदारी से दूर हुए...?


भोपाल।मध्य प्रदेश विधानसभा में चुनाव के लिए दस महीने से भी कम का समय बचा है और भाजपा ने चुनाव की दावेदारी करने वाले नेताओं की छंटनी शुरू कर दी है।आज भोपाल के तीन ऐसे नेताओं की भोपाल विकास प्राधिकरण में नियुक्ति की गई है जो विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी कर रहे थे।  

राज्य सरकार ने आज भोपाल विकास प्राधिकरण में अध्यक्ष और दो उपाध्यक्षों की नियुक्ति की है। अध्यक्ष के रूप में नगर निगम के पार्षद रहे कृष्ण मोहन सोनी मुन्नन को नियुक्ति किया गया है और उपाध्यक्षों में सुनील पांडे और अनिल अग्रवाल लिली की नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। 

 गौरतलब है कि बीडीए में शिवराज सरकार ने वर्तमान कार्यकाल में कोई नियुक्ति नहीं की थी जिससे भोपाल संभाग आयुक्त इसके मुखिया के रूप में काम देख रहे थे। इसके पहले भोपाल के वरिष्ठ भाजपा नेता रामदयाल प्रजापति और शैतान सिंह पाल को भी राजनीतिक नियुक्तियां दी गई हैं। प्रजापति भोपाल उत्तर तो शैतान सिंह पाल भोपाल मध्य विधानसभा सीट के दावेदार माने जा रहे हैं। 

कौन कहां से कर रहा दावेदारी

कृष्ण मोहन सोनी पुराने भोपाल के भाजपा और जनसंघ से जुड़े पारिवारिक विचारधारा वाले नेता माने जाते हैं। वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बचपन के मित्रों में से एक हैं। सोनी भोपाल नगर निगम के पार्षद रहे और एमआईसी के सदस्य भी रहे। भोपाल उत्तर विधानसभा सीट से उनकी दावेदारी मानी जा रही थी। बीडीए चेयरमेन बनाए जाने से उनकी दावेदारी पर असर पड़ सकता है। 

अनिल अग्रवाल लिली नए भोपाल के भाजपा नेता हैं। कई जिला अध्यक्षों के साथ महामंत्री रहे हैं। वे दक्षिण पश्चिम विधानसभा सीट से टिकट के दावेदार माने जा रहे थे, जिसके लिए उन्होंने कथित तौर पर मैदानी तैयारी भी कर रखी है। बीडीए उपाध्यक्ष बनने के बाद उनकी दावेदारी पर कितना असर पड़ेगा यह समय बताएगा लेकिन वे कहते हैं कि प्राधिकरण में काम का मौका मिला है। यह उन्हें मदद करेगा।

नए शहर में सुनील पांडे काफी समय से भाजपा के सक्रिय नेता रहे हैं। कभी पूर्व एमएलए शैलेंद्र प्रधान के खास भी रहे। सुनील भोपाल मध्य से विधानसभा टिकट के दावेदार माने जा रहे हैं। उनके साथ इस विधानसभा क्षेत्र से बीडीए के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह भी तेजी से प्रयासरत हैं। अब पांडे का नाम दावेदारों की सूची से कटवाए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। 


0/Post a Comment/Comments