बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी के बगावती तेवर जारी, अब अर्जुन सिंह की प्रतिमा का मुद्दा उठाया, विकास यात्रा पर उठाए सवाल

भोपाल। बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी के बगावती तेवर जारी हैं। आज त्रिपाठी ने कांग्रेस नेता स्वर्गीय अर्जुन सिंह की प्रतिमा का मुद्दा उठाते हुए अपनी ही पार्टी की विकास यात्रा पर सवालिया निशान लगा दिया। 
 त्रिपाठी ने आज भोपाल के व्यापम चौराहे पर पहुंच कर पूर्व सीएम अर्जुनसिंह की प्रतिमा का अनावरण न होने पर भी नाराजगी जताते हुए सरकार को चेतावनी दे डाली।
साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले जनता को विकास कार्यों की जानकारी देने के लिए शिवराज सरकार प्रदेश भर में विकास यात्रा निकाल रही है। हालांकि सतना के मैहर से भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने अपनी ही सरकार के इस आयोजन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विकास यात्रा में किसी की रुचि नहीं है। यात्रा को देख लोग कहते हैं कि विकास सिर्फ नेताओं का हुआ है। 
 
दरअसल नारायण त्रिपाठी बुधवार को भोपाल के व्यापमं चौराहे पर लगी अर्जुनसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा- कुछ दिन पहले यहां से गुजरा था। देखा कि ढाई साल बाद भी विंध्य के गौरव और पूर्व सीएम अर्जुनसिंह की प्रतिमा का अनावरण नहीं हो पाया है। उन्होंने मांग की है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रतिमा का जल्द अनावरण कराएं अन्यथा 4 मार्च को अर्जुन सिंह की पुण्यतिथि पर विंध्य के लोग खुद प्रतिमा का अनावरण कर देंगे।
मैंने पहले मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था फिर लिखूंगा। सुनें या न सुनें ये उनका काम है। हमारा काम है सलाह देना। मैं भाजपा का एमएलए हूं। सच्ची सलाह देता हूं। यदि सच में संभलना है, तो गरीबों का शोषण और आज के दौरे में जिस तरह उन्हें उपेक्षित रखा गया है, विंध्य को उपेक्षित न रखें और विंध्य के बारे में सोचें।

0/Post a Comment/Comments