भारत भवन स्थापना दिवस समारोह..सीएम के इंतजार में ठिठुरते रहे कलाकार.… माफी मांगी और फिर शुरू हुआ कार्यक्रम..


भोपाल। अंतरराष्ट्रीय कला मंच भारत भवन अपने 41वें साल में प्रवेश कर गया। लेकिन स्थापना दिवस कार्यक्रम में 13 फरवरी की शाम से ही तैयार 11 कलाकारों को ढाई घंटे तक अपनी परफॉर्मेंस के लिए इंतजार करना पड़ा। 94 साल के पद्मश्री कलाकार रामसहाय पांडेय भी ठंड में ठिठुरते रहे। इंतजार था मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का, जो किसी राजनीतिक कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण लेट है हो गए। हालांकि उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी 

दस दिवसीय समारोह का आनंद लेने पहुंचे कला प्रेमियों को अतिथियों के इंतजार में देर से प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। विहान ड्रामा के कलाकारों के रंग संगीत से कार्यक्रम का आगाज हुआ। इसके बाद CM के इंतजार में लगातार कार्यक्रम में देरी होती गई।

CM को यहां रात 8 बजकर 10 मिनट पर पद्मश्री और संगीत नाटक एकेडमी सम्मान पाने वाली विभूतियों को सम्मानित करना था, लेकिन वे रात 10 बजकर 47 मिनट पर भारत भवन पहुंचे। 11 बजे सम्मान समारोह हुआ। इस देरी के लिए मुख्यमंत्री ने मंच से ही माफी भी मांगी। इसके बाद भारत भवन के स्थापना दिवस कार्यक्रम में 94 साल के पद्मश्री रामसहाय पांडे ने कमर पर ढोलक बांधकर राई नृत्य किया। वे भारत भवन के उद्घाटन के साक्षी रहे हैं।

CM बोले- कला और परंपरा को आगे बढ़ाएंगे

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, कला, संगीत, नृत्य और उत्सव के बिना जीवन अधूरा है। शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा का सुख मनुष्य को सुखी रहने के लिए जरूरी होते हैं। कला और संस्कृति सुखी जीवन के लिए आवश्यक है। धन-दौलत से जो सुख नहीं मिलता है, वह कला और संस्कृति से मिलता है। उन्होंने कलाकारों का स्वागत करते हुए कहा, भारत भवन ने 41 वर्ष में कला-संस्कृति का नया मुकाम कायम किया है। हमने कला ग्राम की स्थापना की है। अगले साल से संचालन शुरू हो जाएगा। कला-परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।

भोपाल में भारत भवन, कला और संस्कृति का सबसे पुराना केंद्र है। 13 फरवरी 1982 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भारत भवन का उद्घाटन किया था। 

0/Post a Comment/Comments