जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को प्रदेश सरकार की विकास यात्रा पर निशाना साधा। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश के इतिहास में इससे ज्यादा असफल और धिक्कार पाने वाली यात्रा और कोई नहीं रही। उन्होंने कहा कि कोई जिला ऐसा नहीं रहा, जहां भाजपा की विकास यात्रा का जनता ने विरोध नहीं किया हो।
भाजपा की निकास यात्रा है यह
जिला अध्यक्ष राकेश तिवारी एवं बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने आरोप लगाया कि यह विकास यात्रा नहीं निकास यात्रा है। इसे जनता ने फजीहत यात्रा बना दिया है। यात्रा को काले झंडे दिखाए गए, तो कहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने ही भ्रष्टाचार की शिकायत की। कहीं पर अश्लील नृत्य कराकर भीड़ जुटाने की कोशिश की गई। जगह-जगह जनता शिकायत कर रही है। बिजली नहीं है, पानी नहीं है, प्रधानमंत्री आवास का पैसा नहीं आया है, फसल बीमा नहीं मिला है, किसानों की हालत खराब है।
जनता को हिसाब दें मुख्यमंत्री
बिछिया विधायक ने कहा कि वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूरी भाजपा से कुछ सवाल पूछना चाहते हैं। 18 साल की भाजपा सरकार में 195 महीने से शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री जनता को हिसाब नहीं दे रहे हैं। वे हिसाब तब देते, जब कोई कार्य बताने लायक होता। कमलनाथ खुले मंच से चुनौती दे रहे हैं कि शिवराज जी मंच पर खड़े हो जाईए, आप अपने 18 साल का हिसाब दीजिए, मैं अपने 15 महीने का हिसाब दूंगा। शिवराज रोज प्रश्न पूछने की नौटंकी कर रहे हैं, जबकि सरकार को जवाब देना चाहिए।
मुख्यमंत्री हैं घोषणा मशीन
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा व्यक्ति मुख्यमंत्री है जो घोषणा मशीन, घोटाले की मशीन, भ्रष्टाचार की मशीन, जनता को गुमराह करने की मशीन है। प्रदेश का सत्यानाश कर दिया है। किसानों का सत्यानाश, युवाओं का सत्यानाश, निवेश का सत्यानाश, उद्योग एवं व्यापार का सत्यानाश, गौ-वंश का सत्यानाश, नर्मदा का सत्यानाश, नदियों का सत्यानाश, शिक्षा एवं स्वास्थ्य का सत्यानाश कर मध्यप्रदेश को घोटाला प्रदेश बना दिया गया है। अजन्मे बच्चे के साथ- आयुष्मान घोटाला जन्मे बच्चे के साथ- पोषण आहार सहित 150 से अधिक घोटाले हो चुके हैं।
भाजपा सरकार की असफलताएं
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, निवेश, उद्योग-धंधे, महिला और बाल स्वास्थ्य, रोजगार देने के क्षेत्र में मध्यप्रदेश फिसड्डी है। जबकि महिला अपराध, बाल अपराध, आदिवासी अपराध में सबसे ऊपर। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता चाहती है शिवराज सिंह चौहान इन सारे सवालों का जवाब दें। अभी बताएं कि मध्य प्रदेश में किसान डिफाल्टर क्यों हो रहे हैं, मध्य प्रदेश की सरकार इतने ज्यादा कर्ज क्यों ले रही है, प्रदेश में हर जगह हड़ताल और धरना प्रदर्शन क्यों हो रहे हैं।
Post a Comment