ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास पर पुलिस अफसर ने ही सीने में 4-5 फायरिंग की, भुवनेश्वर के लिए किया एयरलिफ्ट

Police officer fired 4-5 shots in the chest on Odisha Health Minister Naba Das, airlifted to Bhubaneswar

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास पर रविवार दोपहर ब्रजराजनगर में एक ASI ने फायरिंग कर दी। नब दास के सीने में 4-5 गोलियां लगी हैं। उनकी हालत गंभीर है। उन्हें भुवनेश्वर के लिए एयरलिफ्ट किया गया है। क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, पुलिस ने फायरिंग करने वाले ASI गोपालदास को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक आरोपी ने हमले की वजह नहीं बताई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नब दास कार्यक्रम में शामिल होने ब्रजराजनगर पहुंचे थे। कार से उतरते ही एक ASI गोपालदास ने नब दास पर चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं।
लोगों ने पुलिसकर्मी को गोली चलाकर भागते देखा
आई विटनेस एडवोकेट राम मोहन राव ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री नब दास कार्यक्रम में चीफ गेस्ट थे। जब वो पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए भीड़ जमा हो गई। तभी उन पर किसी ने गोली चला दी। हमने देखा एक पुलिसकर्मी पास से गोली चलाकर भाग रहा था।
सीएम ने कहा- हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं
ओडिशा के CM नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री पर हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा- हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं, उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। क्राइम ब्रांच को जांच करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को घटनास्थल पर जाने के लिए कहा गया है।
झारसुगुड़ा सीट से लगातार तीसरी बार विधायक
नब किशोर दास ने ओडिशा की झारसुगुड़ा सीट से 2004 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए। इसके बाद 2009 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीते। 2014 में भी कांग्रेस से जीते। साल 2019 का चुनाव वे बीजू जनता दल से लड़कर लगातार तीसरी बार इसी सीट से विधायक चुने गए। नब किशोर दास को क्षेत्र में प्रभावशाली नेता माना जाता है।

ओडिशा के सबसे अमीर मंत्रियों में से हैं नब किशोर
नब किशोर ओडिशा सरकार के सबसे अमीर मंत्रियों में से एक हैं। उनके पास संबलपुर, भुवनेश्वर और झारसुगुड़ा के कई बैंकों में 45.12 लाख रुपए से अधिक रकम जमा है। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री के पास 15 करोड़ की कीमत के करीब 70 से अधिक वाहन हैं, जिसमें 1.14 करोड़ की एक मर्सिडीज बेंज भी शामिल है।
1 करोड़ का सोना दान कर सुर्खियों में आए थे
दास को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का बेहद करीबी नेता माना जाता है। इसलिए कांग्रेस से जब वे बीजू जनता दल (BJD) में आए तो पटनायक ने उन्हें स्वास्थ्य मंत्रालय का अहम जिम्मा सौंपा। दास हाल ही में भारी-भरकम दान कर सुर्खियों में आए थे। उन्होंने महाराष्ट्र के एक मंदिर में एक करोड़ रुपए से अधिक का सोने का कलश दान किया था। दास ने महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर मंदिर को 1.7 किलोग्राम सोने और 5 किलोग्राम चांदी से बने कलश दान किए थे जो देश के प्रसिद्ध शनि मंदिरों में से एक है।
विधानसभा पोर्न विवाद में भी फंसे थे
नब किशोर दास 2015 में विधानसभा सत्र के दौरान पोर्न देखते पकड़े गए थे। इसके बाद तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष निरंजन पुजारी ने उन्हें एक हफ्ते के लिए निलंबित कर दिया था। इस मामले में नब किशोर ने कहा था कि मैंने अपने जीवन में आज तक कोई भी एडल्ट वीडियो नहीं देखा है। यह इंटरनेट का इस्तेमाल करने के दौरान गलती से हो गया। जैसे ही मुझे पता चला, मैंने उसी समय इसे बंद कर दिया था।

0/Post a Comment/Comments