विधायक रामबाई ने घूस मांगने पर कर्मचारियों को फटकारा- भगवान को क्या मुंह दिखाओगे...? विधायक बोली - दमोह ही नहीं पूरे मध्यप्रदेश में चरम पर है भ्रष्टाचार

दमोह। चलो राशि डालो... चल डाल अबई। आदमियों को मूर्ख समझ रखा है क्या? दस-दस हजार रुपए लेकर बिजनेस बना लिया है। कुछ तो मानवता दिखाओ, भगवान को जाकर क्या मुंह दिखाओगे! गुस्से से भरे ये शब्द हैं एमपी के दमोह जिले के पथरिया से विधायक रामबाई सिंह के। रामबाई एक बार फिर अपने दबंग अंदाज के कारण चर्चा में आ गईं हैं। उन्होंने दमोह नगरपालिका में जाकर घूस मांगने पर कर्मचारियों की क्लास ली और अपना गुस्सा जाहिर करते हुए उन्हें फटकार लगाई। उनका कहना है कि भ्रष्टाचार और खाऊखोरी सिर्फ दमोह ही नहीं पूरे प्रदेश में चरम पर है।
असल में पथरिया से बसपा विधायक रामबाई सिंह परिहार मंगलवार शाम बटियागढ़ जनपद में जनसुनवाई करने के बाद दमोह जा रही थीं। इसी बीच बजरिया वार्ड क्रमांक छह के रहने वाले लक्ष्मण सूर्यवंशी नाम के युवक ने उन्हें फोन लगाया। लक्ष्मण ने बताया कि उसके क्करू आवास की किस्त नहीं मिल रही है। कर्मचारी उससे 10 हजार रुपए रिश्वत मांग रहे हैं। विधायक ने फोन पर उस युवक से कहा कि तुम वहीं ठहरो, मैं अभी आती हूं। कुछ देर बाद विधायक सीधे दमोह नगरपालिका कार्यालय पहुंची। उन्होंने लक्ष्मण को फोन लगाया, जो विधायक को रिश्वत मांगने वाले कर्मचारी के पास ले गया। गुस्से में विधायक ने उस कर्मचारी से कहा कि इस लडक़े की पीएम आवास की किस्त अभी डालो, कर्मचारी ने कुछ आनाकानी की तो विधायक को गुस्सा आ गया और उन्होंने बुंदेलखंडी में चिल्लाते हुए अभी किस्त डालने के लिए कहा। इस दौरान वहां मौजूद पार्षद रघु श्रीवास्तव से उन्होंने कहा कि आप पार्षद बन गए हैं, लोगों की मदद कीजिए।
चरम पर है भ्रष्टाचार
भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने के बाद विधायक ने कर्मचारी को फटकार लगाते युवक और उसके पिता की पीएम आवास की किस्त की राशि डलवाई। इसके बाद उन्होंने कहा गरीबों को गुमराह किया जा रहा है। उनसे जबरन वसूली की जाती है। दमोह ही नहीं पूरे प्रदेश का यही हाल है। भ्रष्टाचार और खाऊखोरी चरम पर चल रही है। विधायक ने आरोपी कर्मचारी के सामने खड़े होकर उससे कहा कि अभी तत्काल राशि जारी करो। कर्मचारी ने जब कहा कि राशि डाल रहे हैं, तो विधायक ने पूछा कि राशि कब तक खाते में आ जाएगी। इस पर दूसरे कर्मचारी ने बताया कि राशि खाते तक पहुंचने में 24 से 48 घंटे का समय लग जाता है। विधायक ने लक्ष्मण से कहा कि अगर राशि खाते में न आए तो मुझे बताना, मुझे कॉल करना।

0/Post a Comment/Comments